बकाया कर व किराया वसूली को लेकर निगम की बड़ी कार्रवाई, 7 दुकानों में लगाया ताला
बकाया कर व किराया वसूली को लेकर निगम की बड़ी कार्रवाई, 7 दुकानों में लगाया ताला
कटनी।। वित्तीय वर्ष समाप्त होने में शेष बचे दिनों को देखते हुए नगर निगम ने बकाया राजस्व वसूली को लेकर सख्ती तेज कर दी है। शनिवार सुबह नगर निगम स्वामित्व की दुकानों का लंबे समय से किराया जमा नहीं करने वाले आवंटियों के खिलाफ निगम प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए 7 दुकानों में तालाबंदी कर दी।
नगर निगम के राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक ने बताया कि निगम द्वारा गठित राजस्व अमले ने बकाया किराया न चुकाने वाले आवंटियों के विरुद्ध यह कार्रवाई की है। इसके तहत बिलैया तलैया सब्जी मंडी क्षेत्र की दुकान क्रमांक 175, 191 और 192, लल्लू भैया की तलैया स्थित दुकान क्रमांक 13, तथा प्रियदर्शनी बस स्टैंड की दुकान क्रमांक 40, 42 और 43 में तालाबंदी की गई। निगम प्रशासन के अनुसार संबंधित दुकानदारों को पूर्व में कई बार नोटिस देकर किराया राशि जमा करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन भुगतान नहीं करने पर नियमानुसार यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, राजस्व निरीक्षक विनोद सिंह चौहान, सनीश रजक सहित राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। नगर निगम प्रशासन ने निगम स्वामित्व की दुकानों के सभी आवंटियों से अपील की है कि वे समय पर किराया एवं अन्य देय राशि जमा करें, अन्यथा बकायेदारों के विरुद्ध इसी प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।