अवैध प्लाटिंग पर निगम का बुलडोज़र, दो जगह बड़ी कार्रवाई

0

अवैध प्लाटिंग पर निगम का बुलडोज़र, दो जगह बड़ी कार्रवाई
कटनी। शहर में अवैध प्लाटिंग के बढ़ते मामलों पर लगाम कसते हुए नगर निगम ने कड़ा रुख अपनाया। निगम प्रशासन ने दो अलग-अलग स्थानों पर चल रही अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन से निर्माण कार्यों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर अतिक्रमण एवं कॉलोनी सेल की संयुक्त टीम द्वारा की गई। बाल गंगाधर तिलक वार्ड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर और साईं मंदिर के पीछे विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों को चिन्हित कर मौके पर पहुंची टीम ने बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण को पूरी तरह हटाया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह सहित निगम का अमला मौजूद रहा। अधिकारियों के अनुसार संबंधित भू-स्वामियों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके थे, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर यह सख्त कदम उठाना पड़ा। निगम प्रशासन ने साफ कहा है कि बिना वैध स्वीकृति के प्लाटिंग करना पूरी तरह अवैध है। ऐसे मामलों में न सिर्फ निर्माण हटाया जाएगा, बल्कि कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी प्लॉट या जमीन की खरीद-फरोख्त से पहले उसकी वैधता की जांच अवश्य करें, अन्यथा आर्थिक नुकसान के साथ कानूनी परेशानी भी झेलनी पड़ सकती है। शहर में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ यह अभियान लगातार चलता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed