फंदे पर झूलता मिला शव, दीवार पर संयुक्त सुसाइड नोट

0

उमरिया। जिले के नौरोजाबाद थाना अंतर्गत ग्राम चरगांव में एक सनसनीखेज घटना हो गई है। अपनी ससुराल आए
एक दामाद की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत होने की जानकारी सामने आई है। ससुराल के जिस कमरे में दामाद
का शव पाया गया है, वहीं पास में ही मृतक की पत्नी यानी घर की बेटी भी घायल अवस्था में मिली है। इतना ही नहीं
दीवार पर एक संयुक्त सुसाइड नोट भी लिखा हुआ है, जो बहुत स्पष्ट तो नहीं है पर जिसका भाव यह है कि हम
आर्थिक समस्या से जूझ रहे हैं और दोनों अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रहे हैं, हमारे शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया
जाए। मृतक दामाद का नाम शिवम बैगा पिता किशोलरी लाल बैगा उम्र 24 साल निवासी ग्राम लोढ़ा बताया गया है।
उसकी पत्नी का नाम नीतू बैगा है। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए
भेज दिया है। गुरुवार की शाम को शव का पोस्टमार्टम तो हो गया था लेकिन पीएम रिपोर्ट नहीं आ पाई थी। इस
मामले मे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह महोबिया का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के पहले कुछ भी
नहीं कहा जा सकता कि मामला असल में क्या है।
मृतक शिवम बैगा अपनी ससुराल के एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आया था। जबकि वह शादी समारोह में
शामिल नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि घर के सभी लोग शादी समारोह में शामिल होने चले गए थे, जबकि शिवम
बैगा और उसकी पत्नी नीतू बैग घर में ही रुके रहे। घर के अंदर से यह खबर निकलकर आई है कि शिवम किसी कारण
से शादी समारोह में शामिल नहीं होना चाह रहा था। ससुराल आने के बाद वह किसी बात पर नाराज हो गया था,
जिसकी वजह से उसने शादी में जाने से इंकार कर दिया था। उसने अपनी पत्नी को भी शादी समारोह में जाने से रोक
लिया था। इस बात को लेकर दोनों के बीच जमकर विवाद होने की जानकारी भी सामने आ रही है।
रात में शादी समारोह में शामिल होने गए घर के बाकी लोग सुबह लौटे तो, उन्होंने देखा कि घर का वह कमरा अंदर से
बंद था, जिसमें शिवम को रोका गया था। उस कमरे में अंदर सांकल नहीं थी, फिर भी कमरा अंदर से बंद था। घर के
लोगों ने काफी आवाज दी, लेकिन जब कोई जवाब नहीं मिला तो काफी देर बाद जबरन दरवाजा खोला गया। दरवाजा
अंदर से कपड़े से बंधा हुआ था। किसी तरह दरवाजा खोलकर जब घर के लोग अंदर पहुंचे तो देखा कि वहां शिवम का
शव पड़ा हुआ था और नीतू भी घायल अवस्था में पड़ी हुई थी। दोनों के हाथों की नस कटी हुई थी और दीवार पर
सुसाइड नोट लिखा हुआ था।

पति-पत्नी दोनों के हाथ की नस कटी हुई जरूर थी पर घटना स्थल पर ज्यादा खून नहीं बहा था। पुलिस का अनुमान
है कि शिवम की मौत हाथ की नस कटने से नहीं हुई है। अगर ऐसा होना होता तो शिवम की पत्नी नीतू की भी मौत हो
चुकी होती। बताया जा रहा है कि शिवम ने वसुला से पहले अपनी पत्नी के हाथ की नस काट दी और फिर अपने हाथों
की नस काट ली जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस लोगों की इस बात से इत्तेफाक नहीं रख रही है। पुलिस का
मानना है कि कमरे के अंदर कुछ और ही घटनाक्रम हुआ है। लोग यह अनुमान भी लगा रहे हैं कि संभवत: नीतू ने
अपने पति की हत्या कर दी है। हालांकि पुलिस इस अनुमान से भी अलग सोच रही है।
पुलिस इस थ्योरी पर काम रही है कि संभवत: शिवम ने विवाद के बाद पहले अपनी पत्नी के हाथ की नस काट डाली
और फिर खुद फांसी के फंदे पर झूल गया। पुलिस का अनुमान है कि सुबह जब घर के लोग शादी समारोह से वापस
लौटे तो उन्होंने पाया कि उनका दामाद फांसी के फंदे पर झूल रहा है और उन्होंने उसे फांसी के फंदे से उतार लिया।
इसके बाद जब नीतू ने हाथ की नस काटने का जिक्र किया तो घर के लोगों ने ही यह कहानी रच डाली कि शिवम ने
पहले नीतू के हाथ की नस काटी और फिर अपने हाथ की नस काटकर उसने अपनी जान दे दी। इस रहस्यमयी मामले
का पर्दाफाश बहुत जल्द करने का दावा पुलिस ने किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed