गौरेला में विकास को मिली नई रफ्तार: वार्ड 15 में मुक्तिधाम निर्माण की स्वीकृति
(मोहम्मद शाकिब खान, मुख्य संवाददाता, गौरेला)
गौरेला: नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे के कुशल नेतृत्व में गौरेला नगर निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। नगर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की श्रृंखला में एक और महत्वपूर्ण जनसुविधा जुड़ने जा रही है, जिससे पूरे नगरवासियों में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
लंबे समय से प्रतीक्षित वार्ड क्रमांक 15 में मुक्तिधाम के निर्माण कार्य को अब आधिकारिक तौर पर स्वीकृति मिल गई है और इसके लिए बजट भी आवंटित कर दिया गया
है।
दस्तावेजों के अनुसार परियोजना का विवरण:
हाल ही में जारी हुए आधिकारिक विवरण (आदेश क्रमांक 1175 / दिनांक 04.02.2026) के अनुसार इस निर्माण कार्य की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। गौरेला, वार्ड क्रमांक 15 में मुक्तिधाम का निर्माण कार्य। जारी किए गए पत्र के अनुसार इस परियोजना की कुल लागत लगभग 25.58 लाख रुपये तय की गई है। इसमें निर्माण के प्रथम व द्वितीय चरण के साथ-साथ 1.16 प्रतिशत कंटींजेंसी चार्ज (Contingency Charge) को भी शामिल किया गया है।
नगरवासियों ने जताया आभार:
मुक्तिधाम का सुव्यवस्थित निर्माण वार्ड 15 और आसपास के निवासियों की एक अत्यंत आवश्यक और पुरानी मांग थी। पूर्व में इसके अभाव या अव्यवस्था के कारण शोक संतप्त परिवारों को अंतिम संस्कार के दौरान भारी असुविधा का सामना करना पड़ता था।
नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे ने जनता की इस पीड़ा को समझा और प्राथमिकता के आधार पर इस कार्य को स्वीकृति दिलाई। इस खबर के सामने आने के बाद से ही स्थानीय नागरिकों ने राहत की सांस ली है।
नगरवासियों का कहना है कि अध्यक्ष महोदय की सक्रिय कार्यप्रणाली और जनहितैषी सोच के कारण ही गौरेला तेजी से विकासशील नगर के रूप में उभर रहा है। बुनियादी सुविधाओं के इस विस्तार से आम जनजीवन लगातार सुगम हो रहा है।