अब नहीं चलेगी गंदगी स्वच्छता पर सख्ती कचरा सड़कों पर दिखा तो होगी कार्रवाई नियम तोड़े तो स्पॉट फाइन तय,बाजारों में शाम को पहुंचेगा कचरा वाहन, शहर रहेगा साफ-सुथरा
अब नहीं चलेगी गंदगी स्वच्छता पर सख्ती कचरा सड़कों पर दिखा तो होगी कार्रवाई
नियम तोड़े तो स्पॉट फाइन तय,बाजारों में शाम को पहुंचेगा कचरा वाहन, शहर रहेगा साफ-सुथरा
कटनी।। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर अब नगर निगम एक्शन मोड में नजर आ रहा है। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अब सफाई में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने स्वास्थ्य अमले को दो टूक निर्देश देते हुए कहा कि कचरे का कलेक्शन सीधे प्राइमरी पॉइंट पर सुनिश्चित किया जाए, जिससे सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलने की समस्या खत्म हो। आयोजित स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में निगमायुक्त ने स्वच्छता व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य अमले को निर्देशित किया कि घरों एवं दुकानों से निकलने वाले कचरे का नियमित संग्रहण किया जाए, ताकि शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर कहीं भी कचरे का जमाव न हो। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी आदेश जैन, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी सहित स्वच्छता निरीक्षक एवं वार्ड दरोगा उपस्थित रहे।
निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि शहर के प्रमुख बाजारों एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में शाम के समय नियमित रूप से कचरा वाहन पहुंचें। इससे दुकानों से निकलने वाला कचरा तत्काल उठ सकेगा और सुबह बाजार क्षेत्र स्वच्छ नजर आएंगे। सफाई कर्मचारियों को समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने और निर्धारित रूट के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए गए। वार्ड दरोगाओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे कचरा वाहनों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करें और गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण भी कराया जाए। साथ ही सड़कों और नालियों की नियमित सफाई के निर्देश भी दिए गए।
स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर सख्ती दिखाते हुए निगमायुक्त ने स्पॉट फाइन की कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। साथ ही जागरूकता टीमों को घर-घर संपर्क कर नागरिकों को कचरा पृथक्करण के लिए प्रेरित करने को कहा गया। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि अब बिना पूर्व सूचना के वार्डों का औचक निरीक्षण किया जाएगा। सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान एमएसडब्ल्यू प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए निगमायुक्त ने कहा कि कचरा वाहन समय पर हर घर तक पहुंचे, ताकि नागरिकों को इंतजार न करना पड़े और कचरा सीधे वाहनों में ही दिया जा सके।
निगमायुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि वे कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और गीले-सूखे कचरे को अलग-अलग रखें। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए जनसहभागिता बेहद जरूरी है।