जिला बदर आरोपी मोनू निषाद सीमावर्ती जिलों से निष्कासित, कुठला पुलिस की सख्त कार्रवाई
जिला बदर आरोपी मोनू निषाद सीमावर्ती जिलों से निष्कासित, कुठला पुलिस की सख्त कार्रवाई
कटनी।। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कुठला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आदतन अपराधी को जिला बदर किया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में कुठला थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र मिश्र द्वारा आदतन अपराधी मोनू उर्फ मनीष निषाद के विरुद्ध जिला बदर की कार्यवाही की गई। दिनांक 05 फरवरी 2025 को जिला दण्डाधिकारी के आदेशानुसार मोनू उर्फ मनीष निषाद पिता चन्द्रभान निषाद उम्र 20 वर्ष, निवासी पुरैनी थाना कुठला को जिला कटनी सहित दमोह, उमरिया, पन्ना, मैहर जिलों की राजस्व सीमा से 5 माह की अवधि के लिए निष्कासित किया गया। पुलिस बल की मौजूदगी में आरोपी को निर्धारित सीमाओं के बाहर उचेहरा जिला सतना छोड़ा गया और आदेश की शर्तों से अवगत कराते हुए सख्त हिदायत दी गई कि वह प्रतिबंधित अवधि में उक्त सीमाओं में प्रवेश नहीं करेगा। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व से मारपीट, अवैध शराब तस्करी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों के प्रकरण दर्ज हैं, जिनके कारण क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा था। इसी के मद्देनज़र जिला दण्डाधिकारी द्वारा जिला बदर का आदेश पारित किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र मिश्र ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन किए जाने पर आरोपी के विरुद्ध विधि अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील करते हुए असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान जारी रहने की बात कही है।