प्रतिभा, परिश्रम और संकल्प की मिसाल बनीं डॉ. स्वाति टोपनानी एमडीएस में प्रदेश में द्वितीय स्थान, कटनी की बेटी ने बढ़ाया जिले का मान
प्रतिभा, परिश्रम और संकल्प की मिसाल बनीं डॉ. स्वाति टोपनानी
एमडीएस में प्रदेश में द्वितीय स्थान, कटनी की बेटी ने बढ़ाया जिले का मान
कटनी।। कहते हैं कि जब प्रतिभा को परिश्रम का साथ मिलता है, तो सफलता स्वयं रास्ता बना लेती है। इसी कथन को साकार किया है कटनी की होनहार बेटी डॉ. स्वाति टोपनानी ने, जिन्होंने एमडीएस मास्टर ऑफ डेंटल सर्जरी की परीक्षा में प्रदेश स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे शहर और जिले को गौरवान्वित किया है।
डॉ. स्वाति, भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं कटनी विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष पीताम्बर टोपनानी की सुपुत्री हैं। उनकी यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से कोई भी ऊँचाई असंभव नहीं।
डॉ. स्वाति टोपनानी ने कॉलेज ऑफ डेंटल साइंस, राऊ इंदौर से कंजरवेटिव डेंटिस्ट्री एंड एंडोडोंटिक्स विषय में एमडीएस की उपाधि प्राप्त की। उन्होंने न केवल अपने विषय में प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया, बल्कि एमपीएमएसयू विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में भी प्रदेश स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय कीर्तिमान स्थापित किया। इससे पूर्व उन्होंने हितकारिणी डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, जबलपुर से बीडीएस की डिग्री प्राप्त की थी, जहाँ से ही उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक सफर की नींव पड़ी। डॉ. स्वाति की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों एवं समाजजनों ने हर्ष व्यक्त किया। हाल ही में सांसद वीडी शर्मा एवं भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी ने उनके निवास पहुँचकर सम्मान किया। वहीं इंदौर में आयोजित दीक्षांत समारोह में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने डॉ. स्वाति को मेडल एवं डिग्री प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि डॉ. स्वाति जैसी प्रतिभाएं ही कटनी का नाम प्रदेश और देश में रोशन करती हैं। सफलता का श्रेय संस्कार और मार्गदर्शन को
अपनी सफलता पर डॉ. स्वाति टोपनानी ने ईश्वर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि माता-पिता, भाई, गुरुजनों, मित्रों एवं परिजनों का मार्गदर्शन और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति रहा है। डॉ. स्वाति टोपनानी की यह उपलब्धि आज कटनी की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। उनकी सफलता ने यह सिद्ध कर दिया है कि छोटे शहरों से निकलकर भी बड़े सपनों को साकार किया जा सकता है। आज पूरा कटनी जिला इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहा है।