कुर्सी नहीं, कर्तव्य बोलता है यहाँ हर मंगलवार, हर पीड़ा पर सुनवाई महापौर के संवेदनशील नेतृत्व से नागरिकों को मिल रही राहत

0

कुर्सी नहीं, कर्तव्य बोलता है यहाँ
हर मंगलवार, हर पीड़ा पर सुनवाई महापौर के संवेदनशील नेतृत्व से नागरिकों को मिल रही राहत
कटनी।। नगर निगम कार्यालय स्थित मेयर इन काउंसिल कक्ष में मंगलवार को आयोजित महापौर जनसुनवाई केवल एक प्रशासनिक औपचारिकता नहीं, बल्कि आमजन के दर्द को समझने और उसे दूर करने का जीवंत मंच बन चुकी है। यहाँ कुर्सी की गरिमा के साथ-साथ नागरिकों की पीड़ा को भी उतनी ही गंभीरता से सुना जाता है। महापौर प्रीति संजीव सूरी के नेतृत्व में आयोजित इस जनसुनवाई में प्रशासनिक सक्रियता के साथ मानवीय संवेदना स्पष्ट रूप से देखने को मिली। सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक चली जनसुनवाई में शहर के विभिन्न वार्डों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएँ सीधे महापौर के समक्ष रखीं। महापौर ने प्रत्येक आवेदन को केवल कागज़ी प्रक्रिया नहीं, बल्कि एक व्यक्ति की वास्तविक समस्या मानते हुए व्यक्तिगत संज्ञान लिया।
कुल 44 आवेदनों में से 16 प्रकरणों का मौके पर ही त्वरित निराकरण कर नागरिकों को तत्काल राहत प्रदान की गई। शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए स्पष्ट समय-सीमा में समाधान के निर्देश दिए गए। सड़क मरम्मत, जल निकासी, पेयजल आपूर्ति, सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण, राजस्व प्रकरण एवं प्रमाण पत्र से जुड़ी समस्याएँ प्रमुख रूप से सामने आईं। महापौर ने अधिकारियों को सख्त शब्दों में निर्देशित किया कि जनसमस्याएँ फाइलों में दबने नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल शिकायतें दर्ज करना नहीं, बल्कि ज़मीन पर परिणाम देना है। कार्यों में लापरवाही या अनावश्यक देरी पर जवाबदेही तय की जाएगी यह संदेश स्पष्ट और कठोर था। जनसुनवाई तक सीमित न रहकर महापौर स्वयं भी नियमित निरीक्षण के माध्यम से शहर की आवश्यकताओं, नागरिकों की परेशानियों और योजनाओं की जमीनी हकीकत को देख-समझ रही हैं। यही कारण है कि जनसुनवाई में आए आवेदकों की समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता के साथ न केवल रखा जाता है, बल्कि उसे पूरा भी किया जाता है। महापौर ने दोहराया कि प्रत्येक मंगलवार को जनसुनवाई अनिवार्य रूप से आयोजित की जाएगी, ताकि आमजन को अपनी बात रखने के लिए भटकना न पड़े और समाधान उनके सामने ही मिले। महापौर की यह पहल जनविश्वास का मजबूत आधार बनती जा रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed