शहडोल नगर परिषद की बैठक में विकास कार्यों पर जोर, अवैध निर्माण हटाने के निर्देश
सुधीर यादव (9407070722)
शहडोल। नगर पालिका परिषद शहडोल में गुरुवार को विधायिका श्रीमती मनीषा सिंह की अध्यक्षता में नगर परिषद सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपाध्यक्ष श्री श्रवण मिश्रा (डोली) समेत मुख्य नगर पालिका अधिकारी, विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान नगर विकास और आम जनता से जुड़े कई अहम बिंदुओं पर चर्चा कर निर्णय लिए गए।
बैठक में सबसे पहले झूला पुल से एसडीओ बंगला तक जाने वाले मार्ग की शीघ्र मरम्मत कर उसे गुणवत्तापूर्ण बनाने के निर्देश दिए गए। इसी तरह इन्दिरा चौक से नई बस्ती तक और एमएलबी स्कूल से न्यू पटेल स्कूल तक जाने वाले रास्ते को भी गुणवत्ता अनुसार दुरुस्त करने पर सहमति बनी। अमृत 2.0 योजना के तहत चल रहे कार्यों को समय सीमा में पूरा करने और जनता की समस्याओं का समाधान करने पर जोर दिया गया।
सड़क पर एक दिन भी खुदाई कर छोड़ने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की बात तय की गई। विभाग से बिना अनुमति खुदाई करने और योजनाओं से जुड़ी खामियों को रोकने के लिए विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में शहर की शासकीय योजनाओं की समयबद्ध समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।
हिट्लाइनिंग से जुड़ी समस्याओं और नागरिकों की परेशानियों का समाधान करने पर भी चर्चा हुई। नगर पालिका के वार्डवार विकास कार्यों की प्लानिंग तैयार कर उसे तत्काल क्रियान्वित करने का निर्णय लिया गया। विशेष रूप से आवासीय क्षेत्रों में सड़क, नाली, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और साफ-सफाई की स्थिति को सुधारने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई।
प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने के लिए शिविर आयोजित करने और नामांकन, दस्तावेजों की जांच को सरल बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को बैंक से ऋण दिलाने में नगर परिषद मदद करेगी।
बैठक में यह भी तय हुआ कि शहर में अवैध निर्माणों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्य मार्गों और नालों पर किए गए निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा शहर में नए यातायात संकेतक, डस्टबिन और हाईमास्ट लाइट लगाने का प्रस्ताव रखा गया।
विधायक श्रीमती सिंह ने स्पष्ट कहा कि जनता की सुविधा और शहर के विकास में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कार्य समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे हों, इसके लिए नियमित समीक्षा की जाएगी।