अध्यक्ष के निर्वाचन की व्यवस्थाओं हेतु निगमायुक्त ने जारी किया आदेश
अध्यक्ष के निर्वाचन की व्यवस्थाओं हेतु निगमायुक्त ने जारी किया आदेश

कटनी॥ कार्यालय कलेक्टर जिला कटनी के संशोधित सूचना पत्र के अनुसार नगर पालिक निगम कटनी के अध्यक्ष के निर्वाचन हेतु प्रथम सम्मिलन कलेक्टर, जिला कटनी की अध्यक्षता मे 8 अगस्त को प्रातः 11 बजे से नगर पालिक निगम कटनी के कार्यालय स्थित परिषद सभाकक्ष में आहूत किया गया है। निगमायुक्त सत्येन्द्र सिंह धाकरे द्वारा संशोधित आदेश जारी कर परिषद सभाकक्ष एवं अध्यक्ष के निर्वाचन हेतु नगर निगम की संपूर्ण व्यवस्थाओं के प्रभारी का दायित्व उपायुक्त पवन कुमार अहिरवार, प्र.कार्यपालन यंत्री के.पी.शर्मा तथा सहायक राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक को सौंपा गया है।
निगमायुक्त श्री धाकरे द्वारा निर्वाचन को दृष्टिगत रखते हुए परिषद सभाकक्ष पर नवनिर्वाचित महापौर, पार्षद गणों की बैठक व्यवस्था, माईक व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, निर्वाचन संबंधी समस्त कार्यवाही की तैयारी, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति, मत पेटी की उपलब्धता, कानून व्यवस्था हेतु विभागीय पत्राचार, वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी, साफ -सफाई, वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग सहित अन्य आवश्यक तैयारियों हेतु निगम की संबंधित शाखाओं के अधिकारी- कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है।