चलती ट्रेनों में सक्रिय चोर गिरोह का भंडाफोड़, जीआरपी के हत्थे चढ़ा शातिर आरोपी

0

चलती ट्रेनों में सक्रिय चोर गिरोह का भंडाफोड़, जीआरपी के हत्थे चढ़ा शातिर आरोपी
कटनी।। रेल यात्रियों को निशाना बनाकर चलती ट्रेनों में चोरी करने वाले शातिर चोर आखिरकार जीआरपी पुलिस के शिकंजे में आ गया। रेल पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के दौरान जीआरपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों की चोरी का खुलासा किया है। जीआरपी पुलिस ने आरोपी राज भूमिया उर्फ मंजा 20 वर्ष निवासी कैलवारा फाटक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 6 लाख 83 हजार रुपये कीमत का चोरी का माल बरामद किया है। आरोपी लंबे समय से ट्रेनों और रेलवे परिसरों में यात्रियों को निशाना बनाकर वारदातों को अंजाम दे रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अलग-अलग मामलों में यात्रियों के कीमती सोने के जेवरात और मोबाइल फोन चोरी किए थे। बरामद सामग्री में भोपाल निवासी महिला यात्री की तीन तौला सोने की चेन, दो महंगे मोबाइल फोन समेत अन्य फरियादियों के कुल 10 मोबाइल शामिल हैं।
यह कार्रवाई थाना जीआरपी कटनी में दर्ज अलग-अलग चोरी के मामलों धारा 305(सी), 304(2) बीएनएस की विवेचना के दौरान की गई। लगातार हो रही घटनाओं के बाद जीआरपी ने संदिग्धों पर नजर रखनी शुरू की थी, जिसके बाद आरोपी की पहचान कर उसे दबोच लिया गया। इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक एल.पी. कश्यप, उप निरीक्षक संजय मांझी, प्रधान आरक्षक शिवेन्द्र सिंह सहित जीआरपी टीम की अहम भूमिका रही। वहीं आरपीएफ पोस्ट के अधिकारियों और जवानों ने भी संयुक्त कार्रवाई में महत्वपूर्ण सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed