गौरेला नगरपालिका का बड़ा फैसला : छुट्टियों में भी खुलेंगे कार्यालय टैक्स चुकाने 31 मार्च तक मौका , नहीं चुकाया कर तो होगी कुर्की-सीलबंदी की कार्यवाही
मोहम्मद शाकिब खान मुख्य संवाददाता गौरेला
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 24 मार्च 2026/ नगरपालिका परिषद गौरेला ने संपत्ति, समेकित कर, जलकर और यूजर्स चार्ज की वसूली को लेकर बड़ा फैसला लिया है। नागरिकों की सुविधा के लिए पालिका कार्यालय 26 मार्च से 31 मार्च तक शासकीय अवकाश के दिनों में भी खुले रहेंगे। इस दौरान करदाता अपने बकाया करों को कार्यालय में जाकर जमा कर सकेंगे।
*ऑनलाइन और ऐप से भी कर सकते हैं भुगतान*
नगरपालिका ने करदाताओं की सुविधा के लिए डिजिटल भुगतान व्यवस्था भी उपलब्ध कराई है। अब नागरिक क्यू आर कोड के माध्यम से पेटीएम, फोनपे अथवा भीम ऐप या विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से घर बैठे ही ऑनलाइन संपत्ति कर जमा कर सकते हैं। इस सुविधा से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि लोगों को कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी, जिससे प्रक्रिया अधिक सरल और सुविधाजनक हो गई है।
*बड़े बकायादारों को सख्त चेतावनी*
नगरपालिका गौरेला के सीएमओं नारायण साहू ने बड़े बकायादारों को सख्त चेतावनी जारी कर स्पष्ट रूप से कहा गया है कि यदि समय सीमा के भीतर बकाया राशि नहीं चुकाया तो कुर्की-सीलबंदी की कार्यवाही होगी।