गौरेला: तेज रफ्तार का कहर, मॉर्निंग वॉक पर निकलीं 2 महिलाओं की दर्दनाक मौत; यातायात व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल VIDEO.
(मोहम्मद शाकिब खान, मुख्य संवाददाता, गौरेला)
दिनांक 09/04/2026
गौरेला:
गौरेला थाना क्षेत्र में आज सुबह एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों महिलाएं सुबह की सैर पर निकली थीं, तभी एक तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें पीछे से कुचल दिया। इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस की यातायात व्यवस्था और अवैध वसूली को लेकर गंभीर आरोप लग रहे हैं।
कैसे हुआ हादसा?
रोजाना की तरह आज सुबह भी बेला बाई पनसारी और सुशीला वर्मा मॉर्निंग वॉक के लिए मेन रोड पर निकली थीं। चश्मदीदों के मुताबिक, आईटीआई सेमरा के पास पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित पिकअप वाहन ने दोनों महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी।
महिलाओं को रौंदने के बाद यह वाहन अनियंत्रित होकर पास ही खड़ी एक यात्री बस से जा टकराया। मौके पर ही दोनों महिलाओं ने दम तोड़ दिया।
पुलिस की कार्रवाई और फरार ड्राइवर
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसआई सनत मात्रे ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद आरोपी ड्राइवर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों महिलाओं के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्च्यूरी में रखवा दिया है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।
अल्कोहल डिटेक्टर का अभाव: मजिस्ट्रियल चेकिंग के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हो रही है। वाहन चालकों की जांच के दौरान ‘अल्कोहल डिटेक्टर’ (Breathalyzer) का उपयोग नहीं किया जाता, जिससे नशे में धुत चालकों पर कोई लगाम नहीं है।
जनता में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है और प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई के साथ-साथ यातायात नियमों को कड़ाई से लागू करने की मांग की जा रही है।