रेत ठेकेदार की करतूत: पोर्टल में ईटीपी, मौके पर नहीं रेत @ कोतमा विधायक सहित जनप्रनिधियों के समक्ष हो रेत का सत्यापन
(शुभम कोरी)
अनूपपुर। ब्लाक कांग्रेस कमेटी कोतमा के अध्यक्ष मनोज सोनी ने जिले की रेत खदानों के ठेकेदार की करतूत की साक्ष्य सहित शिकायत एसडीएम कोतमा, तहसीलदार और खनिज अधिकारी से करते हुए मांग की है कि विधायक कोतमा सुनील सराफ एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के समक्ष प्रशासन को रेत भण्डारण का निरीक्षण कर रेत का सत्यापन करते हुए ठेकेदार के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत कार्यवाही की जाये।
भण्डारणों में दिखावे की रेत
शिकायत में उल्लेख किया गया है कि खनिज विभाग द्वारा कोतमा के ग्राम गढ़ी व कोठी में रेत ठेकेदार को भण्डारण स्वीकृत किये गये हैं, लेकिन मौके पर रेत मौजूद नहीं है, 30 से 35 ट्राली रेत ही पड़ी हुई है, जबकि पोर्टल में कई अधिक मात्रा में ईटीपी 30 जून से पहले ठेकेदार के द्वारा दोनों ही भण्डारणों में काट ली गई है। जो कि पूर्णत: असंवैधानिक व दण्डनीय अपराध है।
अवैध उत्खनन के साथ बंदूकधारी
ब्लाक अध्यक्ष ने शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि मानसून सत्र में रेत निकालने पर पाबंदी रहती है, उसके बावजूद ठेकेदार के द्वरा गुलीड़ाड, निगवानी, कोतमा सहित जिले के अन्य घाटों से मशीनों के माध्यम से रेत का उत्खनन कराकर ट्रैक्टर सहित बड़े वाहनो से परिवहन कराया जा रहा है, इतना ही नहीं पूरे क्षेत्र में बंदूकधारियों की दहशत ठेकेदार के द्वारा ला दी गई है, जिससे क्षेत्रवासी शिकायत करने से भयभीत हैं।
उपस्थिति में हो रेत का सत्यापन
स्वीकृत रेत भण्डारण गढ़ी एवं कोठी में जो रेत भण्डारित की गई है और पोर्टल में जितनी मात्रा दर्शाई जा रही है, उसकी जांच विधायक व जनप्रतिनिधियों के समक्ष कराई जाये, इसके साथ ही रेत ठेकेदार की मनमानी पर अंकुश लगाने के अलावा भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्यवाही और लोगों में फैलाये जा रहे भय को समाप्त किया जाये।