नवाचार से सड़कों पर बढ़ी सुरक्षा,अनुशासन पर यातायात पुलिस की सख्त लेकिन जनहितकारी कार्रवाई

0

नवाचार से सड़कों पर बढ़ी सुरक्षा,अनुशासन पर यातायात पुलिस की सख्त लेकिन जनहितकारी कार्रवाई
कटनी।। यात्रियों की सुरक्षा, पारदर्शिता और बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा संचालित आपका सारथी कौन नवाचार अब प्रभावी परिणाम देने लगा है। इसी कड़ी में थाना यातायात पुलिस ने जिले में सघन जांच अभियान चलाकर ऑटो एवं ई-रिक्शा संचालन को अनुशासित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 70 ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई, जबकि गंभीर अनियमितताओं पर 5 ई-रिक्शा जप्त किए गए। यह कार्रवाई किसी दंडात्मक सोच से नहीं, बल्कि यात्रियों के हित, सुरक्षा और भरोसे को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई। यातायात पुलिस द्वारा पूर्व में ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों को क्यूआर कोड उपलब्ध कराए गए थे, ताकि यात्री सीधे फीडबैक दे सकें और सेवाओं में पारदर्शिता बनी रहे। साथ ही वाहनों पर क्यूआर कोड चस्पा करने, वैध दस्तावेज, खाकी यूनिफॉर्म और पहचान बैच अनिवार्य करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। बावजूद इसके निर्देशों की अनदेखी सामने आने पर विशेष अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, बीमा, यूनिफॉर्म व पहचान बैच का अभाव, नशे की हालत में वाहन चलाना, तेज व लापरवाह ड्राइविंग, निर्धारित से अधिक किराया वसूलना और यात्रियों से दुर्व्यवहार जैसी शिकायतों पर कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान जनसुविधा, सुरक्षित यात्रा और भरोसेमंद परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए है और नियमों का पालन करने वाले चालकों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। वहीं लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed