इंटक जिला अध्यक्ष के साथ अभद्रता का आरोप, कार्रवाई की मांग को लेकर संगठन पहुंचा गौरेला थाना*
मो शाकिब खान चीफ रिपोर्टर गौरेला
गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के गौरेला थाना में आज इंटक संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए दो व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इंटक जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी के साथ अयूब इराकी और हारून इराकी ने अभद्र व्यवहार करते हुए विवाद किया।
बताया गया कि दो दिन पहले ईदगाह संजय चौक के आगे इदरीस अंसारी की साइड में निर्माण कार्य चल रहा था, जहां मजदूर गिट्टी उठा रहे थे। इसी दौरान अयूब इराकी द्वारा मजदूरों से अभद्रता करते हुए गिट्टी उठाने से मना किया गया। मजदूरों ने इसकी जानकारी इंटक जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी को दी।
जानकारी मिलने पर इदरीस अंसारी मजदूरों से बातचीत कर रहे थे, तभी अयूब इराकी और हारून इराकी वहां पहुंचे और उनके साथ विवाद करने लगे। शिकायत के अनुसार इस दौरान इदरीस अंसारी को धमकी भी दी गई और उनके प्रति आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया। घटना के समय कई मजदूर मौके पर मौजूद थे।
घटना की जानकारी मिलने पर इंटक संगठन के लोग एकत्रित होने लगे, लेकिन इदरीस अंसारी ने सभी को शांत रहने की समझाइश दी। इसके बाद संगठन के पदाधिकारियों ने आज गौरेला थाने पहुंचकर दोनों व्यक्तियों के खिलाफ लिखित शिकायत देते हुए कार्रवाई की मांग की।
इसी दौरान इंटक अध्यक्ष इदरीस अंसारी एक अन्य मामले में मजदूर संत लाल कोल, निवासी धनौली को भी थाने लेकर पहुंचे। बताया गया कि संत लाल कोल की नाबालिग बेटी को प्रेम जाल में फंसाकर धनौली निवासी मानव कोल पिता – मनोज कोल द्वारा भगा ले जाने की शिकायत भी पुलिस से की गई। इस पर थाना प्रभारी सौरभ सिंह ने तत्काल मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिसकर्मियों को लड़की और लड़के को थाने लाने के निर्देश दिए।
मीडिया से बातचीत में इंटक जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने कहा कि उनके साथ हुई घटना से संगठन के कार्यकर्ताओं में आक्रोश है, लेकिन उन्होंने सभी को शांत रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस द्वारा की जाएगी।