जीतू पटवारी का सरकार पर करारा हमला, बोले प्रदेश अराजकता की ओर व्यवस्था ध्वस्त, जवाबदेही शून्य ..कानून टूटा, अर्थव्यवस्था चरमराई, प्रशासन फेल सत्ता पर तीखा वार
जीतू पटवारी का सरकार पर करारा हमला, बोले प्रदेश अराजकता की ओर व्यवस्था ध्वस्त, जवाबदेही शून्य
..कानून टूटा, अर्थव्यवस्था चरमराई, प्रशासन फेल सत्ता पर तीखा वार
कटनी।। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कटनी नगर आगमन के दौरान प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार की नीतियों पर जमकर हमला बोला। जिला कांग्रेस कार्यालय, आस्था प्लाजा में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कानून व्यवस्था, आर्थिक स्थिति और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश की आज की दशा चिंताजनक है, प्रदेश की व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं। पत्रकारों से संवाद करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि विपक्ष की जिम्मेदारी केवल सवाल पूछना नहीं, बल्कि जनता की आवाज को मजबूती से उठाना भी है, और कांग्रेस इस भूमिका को पूरी ताकत से निभा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था कमजोर है, आर्थिक प्रबंधन विफल हो चुका है और प्रशासनिक तंत्र जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर पा रहा।
मंत्रियों पर नैतिक जिम्मेदारी तय करने की मांग
पत्रकार वार्ता में जीतू पटवारी ने वरिष्ठ भाजपा नेता एवं मंत्री कैलाश विजयवर्गीय तथा पूर्व मंत्री विजय शाह से जुड़े मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिन मुद्दों पर सवाल खड़े हुए हैं, उनमें नैतिक जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ऐसे मामलों में इस्तीफा देना लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप होगा।
इंदौर जल संकट, स्वास्थ्य विभाग और सिरप कांड पर सवाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने इंदौर में पानी संकट, स्वास्थ्य विभाग से जुड़े आरोपों और कथित सिरप कांड को गंभीर बताते हुए कहा कि यदि इन मामलों में प्रशासनिक लापरवाही सामने आती है, तो निष्पक्ष जांच अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि जनता का भरोसा बहाल हो सके।
आदिवासी अधिकार और वेतन भुगतान का मुद्दा
जीतू पटवारी ने आदिवासी जमीन वापसी के विषय पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि आदिवासी हितों की रक्षा के लिए कानून तो बने हैं, लेकिन उनका प्रभावी क्रियान्वयन नहीं हो रहा। कई क्षेत्रों में आदिवासी अधिकारों की अनदेखी हो रही है। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के कई विभागों में कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। यदि 17 विभागों में वेतन भुगतान में समस्या है, तो यह बेहद गंभीर प्रशासनिक विषय है और सरकार को इस पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
केंद्र सरकार की नीतियों पर भी हमला
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लिए जा रहे फैसलों का जिक्र करते हुए जीतू पटवारी ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की और सीधे तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लेते हुए कहा कि कई निर्णय दबाव में लिए जा रहे हैं, जिसका असर देश और राज्यों की नीतियों पर दिख रहा है। पत्रकार वार्ता के अंत में उन्होंने दो टूक कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी। यदि सरकार ने जवाबदेही नहीं दिखाई, तो पार्टी सड़क से सदन तक आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष कु. सौरभ सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं सम्मानित पत्रकार उपस्थित रहे।