कटनी एटीएम लूट कांड:-सभी आरोपी रडार पर, जल्द गिरफ्तारी और नकदी बरामदगी—डीआईजी अतुल सिंह

0

कटनी एटीएम लूट कांड:-सभी आरोपी रडार पर, जल्द गिरफ्तारी और नकदी बरामदगी—डीआईजी अतुल सिंह
कटनी।। जिले के बहुचर्चित बैंक ऑफ महाराष्ट्र एटीएम लूट मामले को लेकर पुलिस उप महानिरीक्षक जबलपुर रेंज अतुल सिंह ने बड़ा और स्पष्ट बयान दिया है। पुलिस कंट्रोल रूम कटनी में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक के दौरान डीआईजी अतुल सिंह ने कहा कि माधवनगर थाना क्षेत्र में हुई एटीएम लूट कोई साधारण मामला नहीं है, बल्कि यह प्रकरण जोन स्तर और पुलिस मुख्यालय की सीधी मॉनिटरिंग में है।
डीआईजी अतुल सिंह ने बताया कि इस एटीएम लूट कांड में पुलिस द्वारा लगातार एफर्ट्स जारी हैं। हर सप्ताह इस प्रकरण की प्रगति से पुलिस स्टेट हेडक्वार्टर को अवगत कराया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की गुप्त टीमें लगातार सक्रिय हैं और इस मामले में सभी आरोपी पुलिस के रडार पर आ चुके हैं। सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। नकदी की बरामदगी भी प्राथमिकता में है,— डीआईजी अतुल सिंह।

गौरतलब है कि कटनी जिले में बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एटीएम लूट मामले में पुलिस पहले ही एक मुख्य आरोपी आरिफ उर्फ बाटू को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर चुकी है। साथ ही लूटी गई एटीएम मशीन को कटनी जिले के केलवारा ग्राम के पास जंगल में स्थित एक तालाब से बरामद किया गया था। हालांकि, मशीन में रखी गई करीब 11 लाख 35 हजार रुपए की नकदी अभी बरामद होना शेष है।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी आरिफ ने अपने पांच अन्य साथियों—इंतजार उर्फ काला, मोहम्मद यामीन, इनाम, एहसान और मुकिम के नाम उजागर किए हैं। ये सभी आरोपी आपस में रिश्तेदार और मित्र हैं तथा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। इस गिरोह पर उत्तर प्रदेश और हरियाणा के विभिन्न जिलों में चोरी, लूट, हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं।
गिरोह का तरीका-ए-वारदात
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह एक अंतरराज्यीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय चोर गिरोह है, जो खासतौर पर हाईवे या सड़क किनारे स्थित एटीएम मशीनों को निशाना बनाता था। गिरोह पहले घटना स्थल के आसपास से पिकअप वाहन चोरी करता था, फिर रस्सियों की मदद से एटीएम मशीन को उखाड़कर वाहन में लोड कर लेता और वारदात के बाद वाहन को पास ही छोड़कर फरार हो जाता था।
पूरा मामला
माधवनगर थाना क्षेत्र में 6 दिसंबर 2025 की रात करीब 2:26 बजे बैंक ऑफ महाराष्ट्र, बरगवां ब्रांच के शाखा प्रबंधक को हैदराबाद स्थित सीसीटीवी सर्विलांस कंट्रोल टीम से एटीएम चोरी की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर एटीएम मशीन पूरी तरह उखड़ी हुई पाई गई। मशीन में लगभग ₹11,35,000 नकद मौजूद थे। इस संबंध में थाना माधवनगर में धारा 331(4), 305(1), 324(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
डीआईजी अतुल सिंह ने सभी एसडीओपी और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और नकदी की बरामदगी को लेकर स्पष्ट जवाबदेही तय की गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही शेष पांचों आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ लूटी गई नकदी भी बरामद कर ली जाएगी।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह मामला उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और कटनी पुलिस इस एटीएम लूट कांड का पूर्ण खुलासा कर आरोपियों को कानून के कठोर दायरे में लाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed