कटनी ब्लड डोनर एंड वेलफेयर सोसायटी द्वारा जल सेवा अभियान के तहत 300 पानी की टंकियों का वितरण
कटनी ब्लड डोनर एंड वेलफेयर सोसायटी द्वारा जल सेवा अभियान के तहत 300 पानी की टंकियों का वितरण
कटनी।। भीषण गर्मी के बीच मूक पशु-पक्षियों की प्यास बुझाने हेतु कटनी ब्लड डोनर एंड वेलफेयर सोसायटी द्वारा संचालित जल सेवा अभियान के अंतर्गत एक सराहनीय जनहितकारी पहल की गई। संस्था द्वारा वर्षों से जारी सामाजिक सेवा की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी शहर में निःशुल्क पानी की टंकियों का वितरण किया जा रहा है। अभियान के प्रथम चरण में लगभग 300 से अधिक 20 लीटर क्षमता की सीमेंट की पानी की टंकियों का वितरण किया गया। यह टंकियां शहर के विभिन्न वार्डों, कॉलोनियों, मोहल्लों, चौराहों एवं गलियों में मूक पशुओं के लिए रखवाई जा रही हैं, ताकि तेज गर्मी में उन्हें सहज रूप से पानी उपलब्ध हो सके। शेष टंकियों का वितरण द्वितीय चरण में किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था की महिला विंग द्वारा माता सरस्वती एवं गौ माता के पूजन के साथ किया गया, जिसके पश्चात सेवा कार्य का विधिवत प्रारंभ हुआ। पूर्व में रजिस्ट्रेशन करा चुके नागरिकों को बरगवां रोड स्थित आई लव सेल्फी प्वाइंट के सामने निर्धारित केंद्र से टंकियों का वितरण किया गया। इस अवसर पर शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे और उन्होंने इस सेवा कार्य में सहभागिता निभाते हुए टंकी वितरण में सहयोग प्रदान किया। सभी ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। संस्था ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस पुण्य कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने घर या मोहल्ले के बाहर टंकी रखवाकर मूक पशुओं को पानी उपलब्ध कराएं। इच्छुक नागरिकों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की गई थी, जिसके माध्यम से टंकी उपलब्ध कराई गई। साथ ही जानकारी हेतु हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। संस्था अध्यक्ष टीनू सचदेवा ने बताया कि यह सेवा कार्य संस्था द्वारा निरंतर किया जा रहा है और समाज के सहयोग से इसे और अधिक विस्तार दिया जा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से आग्रह किया कि टंकी प्राप्त करने के बाद उसे स्वच्छ रखें तथा नियमित रूप से पानी भरते रहें, ताकि यह सेवा केवल गर्मी तक सीमित न रहकर पूरे वर्ष जारी रह सके। यह पहल न केवल मूक पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देती है, बल्कि समाज को मानवता और जीव दया के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए भी प्रेरित करती है। एक छोटा सा प्रयास किसी मूक जीव के जीवन को बचा सकता है।