अपराध पर वार, कटनी पुलिस तैयार कसी कमर सख्त तेवर के साथ अपराध मुक्त जिले का संकल्प जीरो टॉलरेंस नीति लागू

0

अपराध पर वार, कटनी पुलिस तैयार
कसी कमर सख्त तेवर के साथ अपराध मुक्त जिले का संकल्प जीरो टॉलरेंस नीति लागू
कटनी।। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति लागू कर दी है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के समस्त थाना प्रभारियों एवं राजपत्रित अधिकारियों की महत्वपूर्ण क्राइम मीटिंग आयोजित की गई।
बैठक में एसपी ने स्पष्ट संदेश दिया कि अपराध नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में घटित होने वाले हर अपराध पर तत्काल और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
आगामी रामनवमी पर्व को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष रणनीति बनाई गई। ग्राम रक्षा समितियों को सक्रिय करने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, मुख्य मार्गों और तिराहों पर कड़ी निगरानी रखने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रभावी रात्रि गश्त और आमजन से निरंतर संवाद बनाए रखने पर जोर दिया गया। मीटिंग में फरार स्थायी वारंटियों और इनामी बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। वहीं ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुमशुदा नाबालिग बच्चों की शीघ्र तलाश कर उन्हें सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाने पर भी विशेष बल दिया गया। एसपी ने लंबित अपराध, शिकायतों, महिला एवं बाल अपराध, मर्ग और चालानों की गहन समीक्षा करते हुए शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही एमएलसी एवं पीएम रिपोर्ट को मेडलेपर पोर्टल के माध्यम से समय पर भेजने और प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखते हुए अफवाह फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए। इसके अलावा अवैध शराब, जुआ, सट्टा, मादक पदार्थों और अवैध हथियारों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। आदतन अपराधियों की निगरानी बढ़ाने, अधिक से अधिक बदमाशों को बाउंड ओवर करने और गंभीर अपराधियों की जमानत निरस्त कराने की कार्रवाई तेज करने पर भी जोर दिया गया। साथ ही वाहन चेकिंग को प्रभावी बनाने, अवैध गोवंश परिवहन पर रोक लगाने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। ई-साक्ष्य आधारित विवेचना को मजबूत बनाने और साइबर अपराध व महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए समय-समय पर अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया, सीएसपी श्रीमती नेहा पच्चीसिया, एसडीओपी स्लीमनाबाद श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी, एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेन्द्र धार्वे, डीएसपी शिवा पाठक सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed