ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के डिजिटल अड्डे पर कोतवाली पुलिस का करारा प्रहार, लाखों की मास्टर आईडी धरी रह गई सटोरिया गिरफ्तार
ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के डिजिटल अड्डे पर कोतवाली पुलिस का करारा प्रहार, लाखों की मास्टर आईडी धरी रह गई सटोरिया गिरफ्तार
कटनी।। मोबाइल स्क्रीन के पीछे चल रहे ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खेल पर कोतवाली पुलिस ने ऐसा करारा वार किया कि सट्टेबाजों के नेटवर्क में खलबली मच गई। सख्त निर्देशों के तहत अवैध जुआ-सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में कोतवाली पुलिस ने एक शातिर ऑनलाइन क्रिकेट सटोरिए को रंगे हाथों धर दबोचा। आरोपी के मोबाइल में ऑनलाइन सट्टे की मास्टर आईडी मिली, जिसमें करीब दो लाख रुपये का बैलेंस दर्ज था।
अवैध सट्टे पर पूर्ण प्रतिबंध के उद्देश्य से कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय द्वारा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था। इसी क्रम में 04 फरवरी 2026 की रात्रि सूचना मिली कि कटनी रेलवे स्टेशन स्थित फूड प्लाजा के पास एक युवक ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे की आईडी देने और लेन-देन का हिसाब करने के लिए ग्राहकों को बुला रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम स्वपनिल अग्रवाल, पिता स्व. कृष्णकांत अग्रवाल, उम्र 32 वर्ष, निवासी आदर्श कॉलोनी बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से रेडमी कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल बरामद हुआ, जिसमें WOOD777.COM नामक वेबसाइट की ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे की मास्टर आईडी अपलोड मिली। आईडी की जांच में 1,89,672 रुपये का बैलेंस, सट्टे के लेन-देन का पूरा हिसाब और ऑफलाइन बुकिंग के 1200 रुपये नकद पाए गए।
आरोपी का कृत्य जुआ अधिनियम की धारा 4(क) के अंतर्गत दंडनीय पाए जाने पर पुलिस ने मोबाइल व नकद राशि जब्त कर थाना कोतवाली में अप.क्र. 140/26 पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के सहारे कानून से बचने की कोशिश करने वाले सटोरियों को अब बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी खंगाली जा रही है और आने वाले दिनों में और बड़ी कार्रवाई संभव है।