घाटों से मिटाए गए माफियाओं के रास्ते खनिज लूट का रास्ता बंद बड़वारा के घाटों पर टूटा अवैध साम्राज्य प्रशासन की निर्णायक एक्शन कार्रवाई
घाटों से मिटाए गए माफियाओं के रास्ते खनिज लूट का रास्ता बंद बड़वारा के घाटों पर टूटा अवैध साम्राज्य प्रशासन की निर्णायक एक्शन कार्रवाई
कटनी।। जिले में अवैध खनिज उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने अब सख्त और निर्णायक रुख अपना लिया है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर बड़वारा तहसील के नदी घाटों में चलाए गए विशेष अभियान ने खनिज माफियाओं के हौसलों को सीधा झटका दिया है। कार्रवाई के बाद घाटों पर धूल तो उठी, लेकिन माफियाओं का नेटवर्क बिखरता नजर आया।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रमोद चतुर्वेदी के नेतृत्व में गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स ने बसाड़ी, भदौरा, सकरीगढ़, सुड्डी सहित विभिन्न घाटों पर सघन दबिश दी। खनिज, राजस्व, परिवहन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध उत्खनन और परिवहन से जुड़ी गतिविधियों का निरीक्षण किया और तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे सिस्टम पर प्रहार किया।
जांच के दौरान सामने आया कि खनिज माफियाओं ने नदी घाटों तक पहुंचने के लिए कई अस्थायी रास्ते तैयार कर रखे थे, जिनसे अवैध खनिज का परिवहन किया जा रहा था। प्रशासन ने मौके पर ही जेसीबी मशीनों के माध्यम से इन सभी रास्तों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया, जिससे माफियाओं की गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लग गई। संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान अवैध परिवहन में लगे एक वाहन को भी जब्त किया है, जिसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में एसडीएम प्रमोद चतुर्वेदी, उपसंचालक खनिज आर.के. दीक्षित, तहसीलदार ऋषि गर्ग, सहायक खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा, नायब तहसीलदार हर्षवर्धन रामटेके, उपनिरीक्षक रामनाथ साकेत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।