राष्ट्रीय मंच पर गौरेला के मानस अग्रवाल, प्रधानमंत्री से करेंगे संवाद, जिला गौरेला पेंड्रा मरवाही के लिए गौरव का अवसर
मोहम्मद शाकिब खान
गौरेला पेंड्रा मरवाही/ गौरेला
जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि मानस अग्रवाल का चयन *MY Bharat Budget Quest 2026* के फाइनल राउंड हेतु हुआ है।
यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित किया गया है, जिसका उद्देश्य देश के युवाओं को बजट एवं नीति-निर्माण से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत करने का मंच प्रदान करना है।
प्रतियोगिता के अंतर्गत क्विज़ राउंड एवं निबंध (Essay) राउंड आयोजित किए गए, जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मानस अग्रवाल ने फाइनल राउंड में अपना स्थान सुनिश्चित किया।
देशभर से *12 लाख* से अधिक प्रतिभागियों के बीच चयनित होना उनकी प्रतिभा, परिश्रम एवं बौद्धिक क्षमता का परिचायक है।
इससे पूर्व, मानस अग्रवाल ने VBYLD 2026 के अंतर्गत नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया था।
फाइनल राउंड का आयोजन 12 एवं 13 अप्रैल 2026 को रायपुर, छत्तीसगढ़ में किया जाएगा। इस अवसर पर *माननीय मुख्यमंत्री जी कार्यक्रम* में प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहेंगे, जबकि माननीय *प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी* जी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में अन्य विशिष्ट अतिथि एवं गणमान्य व्यक्तियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
मानस अग्रवाल की इस उपलब्धि से पूरे जिले एवं प्रदेश में हर्ष का वातावरण है। सभी गणमान्य नागरिकों एवं समाज के विभिन्न वर्गों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।