जनसंवाद से समाधान की ओर महापौर जनसुनवाई में बढ़ी रफ्तार, 40 प्रकरणों पर सुनवाई

0

जनसंवाद से समाधान की ओर महापौर जनसुनवाई में बढ़ी रफ्तार, 40 प्रकरणों पर सुनवाई
कटनी।। नगर निगम में आयोजित साप्ताहिक महापौर जनसुनवाई अब सिर्फ शिकायत निवारण का माध्यम नहीं रह गई है, बल्कि यह नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधे संवाद का प्रभावी मंच बनती जा रही है। मंगलवार को मेयर इन काउंसिल कक्ष में आयोजित जनसुनवाई में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं और विकास से जुड़े सुझाव भी साझा किए। सुबह 11 बजे शुरू हुई जनसुनवाई में जलभराव, पेयजल संकट, स्वच्छता व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत, अतिक्रमण, स्ट्रीट लाइट और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित कुल 40 आवेदन प्राप्त हुए। महापौर ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों में मौके पर ही त्वरित निर्णय लेकर समाधान किया, जिससे आवेदकों को तत्काल राहत मिली। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे केवल औपचारिकता तक सीमित न रहें, बल्कि समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए जमीनी स्तर पर सक्रियता से कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाना और समयबद्ध व पारदर्शी तरीके से उनकी समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करना है। जनसुनवाई में प्राप्त शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा में समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही महापौर ने लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया।
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि नगर निगम प्रशासन नागरिकों के विश्वास और संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है, और जनसुनवाई इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने आश्वस्त किया कि शहरवासियों को बेहतर और प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed