मेगा हेल्थ कैंप: शहडोल में 3 दिन तक मुफ्त जांच और इलाज, उपमुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन

0

देश के नामी अस्पतालों के विशेषज्ञ डॉक्टर देंगे सेवाएं, जांच से लेकर ऑपरेशन तक की सुविधा नि:शुल्क

(अनिल तिवारी)शहडोल।जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 13, 14 और 15 मार्च  को  तीन दिवसीय “रोटरी राहत नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर” आयोजित किया जाएगा। यह शिविर शासकीय आईटीआई परिसर, रीवा रोड में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक लगेगा। शिविर का शुभारंभ मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल करेंगे। आयोजन की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं।

यह विशाल स्वास्थ्य शिविर राज्यसभा सांसद और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक कृष्ण तन्खा के प्रयासों से रोटरी क्लब शहडोल, मंडला मैकल एवं जबलपुर, राजकृष्ण तन्खा फाउंडेशन, चिरायु मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल भोपाल तथा लोक स्वास्थ्य चिकित्सा एवं शिक्षा विभाग मप्र शासन के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

रोटरी क्लब शहडोल के अध्यक्ष कृष्ण कुमार गुप्ता ने बताया कि शिविर की तैयारियों को लेकर कलेक्टर डॉ. केदार सिंह द्वारा कई बार समीक्षा बैठक ली जा चुकी है। कार्यक्रम संयोजक राजेश गुप्ता ने बताया कि शिविर में देश के प्रतिष्ठित अस्पतालों के विशेषज्ञ चिकित्सक आधुनिक तकनीक के माध्यम से विभिन्न रोगों की जांच, परामर्श और जरूरत पड़ने पर ऑपरेशन भी नि:शुल्क करेंगे।
शिविर में मेदांता मेडिसिटी गुरुग्राम, बॉम्बे हॉस्पिटल मुंबई, लीलावती हॉस्पिटल मुंबई, मणिपाल हॉस्पिटल नोएडा, चिरायु मेडिकल कॉलेज भोपाल, श्री नारायण हॉस्पिटल रायपुर और जबलपुर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञ डॉक्टर अपनी सेवाएं देंगे। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर शासकीय मेडिकल कॉलेज, जिला चिकित्सालय शहडोल, आदित्य हॉस्पिटल, अमृता हॉस्पिटल और श्रीराम हॉस्पिटल शहडोल का भी सहयोग मिलेगा।
शिविर में मेडिसिन, कैंसर, हड्डी रोग, स्त्री रोग, शिशु रोग, छाती एवं श्वास रोग, त्वचा रोग, मानसिक रोग, नेत्र रोग, दंत रोग, हृदय रोग और कान-नाक-गला रोग सहित विभिन्न सुपर स्पेशलिटी विभागों के डॉक्टर मरीजों की जांच करेंगे। जरूरत पड़ने पर जटिल बीमारियों के मरीजों को बड़े अस्पतालों में रेफर किया जाएगा, जहां जांच, ऑपरेशन, दवाइयां और अन्य सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।

शिविर के दौरान डिजिटल एक्स-रे, सोनोग्राफी, ईको, ईसीजी, आंखों की जांच, डायबिटीज जांच तथा फेफड़ों की कार्यक्षमता परीक्षण जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम संयोजक राजेश गुप्ता के अनुसार वर्ष 2016 में आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर में 31 हजार से अधिक लोगों ने पंजीयन कराकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया था, जिसमें 1700 से अधिक ऑपरेशन किए गए थे। इसी उपलब्धि को आगे बढ़ाते हुए इस बार तीन दिवसीय शिविर में इससे भी अधिक लोगों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
आयोजकों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शिविर में पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से नि:शुल्क परामर्श और उपचार का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed