महिला दिवस पर सशक्तिकरण का संदेश, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण महिलाएं हुईं सम्मानित
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर लालपुर में आयोजित कार्यक्रम, 19 महिला सरपंच और 3 जनपद सदस्य सम्मानित
शहडोल। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रिलायंस सीबीएम प्रोजेक्ट द्वारा लालपुर स्थित रिलायंस फाउंडेशन रिसोर्स सेंटर में महिला सशक्तिकरण को समर्पित एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रोजेक्ट क्षेत्र की महिला जनप्रतिनिधियों और ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय महिलाओं को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया। बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति से पूरा परिसर उत्साह और ऊर्जा से भरा नजर आया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद महिला सदस्यों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। महिला दिवस की थीम पर सजे परिसर और रंगारंग माहौल ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी सुश्री काजोल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीबीएम लेडीज क्लब की अध्यक्ष श्रीमती दीपाली वर्मा ने की। वहीं कृषि विज्ञान केंद्र की वैज्ञानिक श्रीमती अल्पना शर्मा, जनपद सदस्य लीला बाई, माया द्विवेदी, यशोदा सिंह तथा लालपुर की सरपंच रामकली बैगा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान सीएसआर हेड राजीव श्रीवास्तव ने महिलाओं के विकास और आत्मनिर्भरता के लिए चलाए जा रहे विभिन्न प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट क्षेत्र की महिलाओं को सिलाई, हस्तशिल्प, डिजिटल साक्षरता और वित्तीय साक्षरता जैसे प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वावलंबी बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
सीबीएम लेडीज क्लब की अध्यक्ष दीपाली वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। जब महिलाएं नेतृत्व की भूमिका निभाती हैं तो गांव और समाज के विकास को नई दिशा मिलती है।
कृषि विज्ञान केंद्र की वैज्ञानिक अल्पना शर्मा ने महिलाओं को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी देते हुए खेती और पशुपालन में उनकी सक्रिय भूमिका को ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया।
रिलायंस सीबीएम के साइट हेड राजेश वर्मा ने महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए रिलायंस सीएसआर लगातार प्रयासरत है और आगे भी इस दिशा में कार्य जारी रहेगा। मुख्य अतिथि काजोल सिंह ने कहा कि जब महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनती हैं तो परिवार के साथ-साथ समाज का भी समग्र विकास होता है।
कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्ट क्षेत्र के 19 ग्रामों की महिला सरपंचों और 3 जनपद सदस्यों को स्मृति चिन्ह और उपहार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, पशु स्वास्थ्य और कौशल विकास के क्षेत्र में कार्य कर रहे फील्ड कैडर्स को भी सम्मानित किया गया।
सीएसआर प्रोजेक्ट के सहयोग से संचालित 11 सिलाई केंद्रों का संचालन कर रही महिलाओं को प्रमाण पत्र और ब्रांडिंग बैनर प्रदान कर उनके प्रयासों की सराहना की गई। कार्यक्रम में महिलाओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का संचालन अपूर्वा टोप्पो और डॉ. समीम ने किया। आयोजन को सफल बनाने में सीएसआर टीम के वीरेंद्र, कुंवरबली, अभिलाष, अजय, राजकुमार, अश्वनी सहित फील्ड कैडर्स सीतू यादव, दुर्गा वर्मन, सुजीत, धर्मदत्त, रवि, दिलीप, संग्राम और प्रदीप का महत्वपूर्ण योगदान रहा।