मोबाइल चोर गिरोह का भंडाफोड़, कोतवाली पुलिस की बड़ी कामयाबी
मोबाइल चोर गिरोह का भंडाफोड़, कोतवाली पुलिस की बड़ी कामयाबी
कटनी।। मोबाइल चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए कोतवाली पुलिस नें तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 3.50 लाख रुपये कीमत के 20 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। यह चोरी 20–21 फरवरी 2026 की दरमियानी रात सब्जी मंडी क्षेत्र स्थित मोबाइल युग स्टोर में शटर तोड़कर की गई थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक गांधी हिन्दुजा की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिनमें तीन संदिग्ध युवक चोरी करते हुए दिखाई दिए। तकनीकी विश्लेषण और साइबर सेल की सहायता से उनकी गतिविधियों को ट्रेस किया गया। फुटेज में आरोपी पहले कटनी रेलवे स्टेशन से सतना और फिर भोपाल की ओर जाते नजर आए। लगातार पीछा करते हुए पुलिस टीम ने सिहोरा बायपास के पास महाराज ढाबा के समीप तीनों को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार की, जिसके बाद चोरी गए सभी मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में एक नागपुर, एक इंदौर और एक भोपाल का निवासी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह विभिन्न शहरों में रैकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था और फर्जी दस्तावेजों का उपयोग कर पहचान छिपाता था। आरोपियों के खिलाफ अन्य राज्यों में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी मिली है।
गिरफ्तार आरोपियों में बाला उर्फ अक्षय पिता हेमराज कोबाड़ उम्र 26 वर्ष निवासी हिगना थाना हिगना जिला नागपुर महाराष्ट्र,सद्दाम उर्फ निसार पिता नासिर खान उम्र 21 वर्ष निवासी इरशाद कॉलोनी खजराना थाना खजराना इंदौर, ताहिर पिता मजीद खान उम्र 23 वर्ष नि. खजुरी कला थाना पिपलानी भोपाल गिरफ्तार हुए आरोपी भोपाल, इंदौर व नागपुर अलग-अलग स्थानों के रहने वाले है। पुलिस अब आरोपियों से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।