महतारी वंदन की राशि बना सहारा : खिमेंद्र सिध्दाम ने सुकन्या समृद्धि योजना से दो बेटी का भविष्य किया सुरक्षित

0

मो शाकिब खान

गौरेला पेंड्रा मरवाही, 13 मार्च 2026/पेण्ड्रा विकासखण्ड के ग्राम कटेलपारा कोटमी की श्रीमती खिमेंद्र सिध्दाम ने सुकन्या समृद्धि योजना के तहत अपनी दो बेटियों के नाम पर खुलवाए खाते में महतारी वंदन की राशि से किश्त चुका रही हैं। समय पर किश्त चुकाने में महतारी वंदन की राशि उनके लिए बहुत बड़ी सहारा है। उन्होंने सुकन्या समृध्दि की खाता खुलवाकर अपनी दो बेटियों चांदनी 13 वर्ष और मेघा 9 वर्ष का भविष्य सुरक्षित करते हुए भविष्य की चिंता से मुक्त हो गई हैं।

खिमेंद्र सिध्दाम महतारी वंदन योजना की हितग्राही हैं, उन्हें हर महिने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हो रही है। उनका कहना है कि सुकन्या समृध्दि और महतारी वंदन योजना से मुझे अपनी बेटियों का भविष्य सुरक्षित करने का अवसर मिला है। अब मुझे यह चिंता नहीं है कि उनकी पढ़ाई और शादी के लिए पैसे कैसे जुटाऊंगी। नियमित बचत से मुझे विश्वास है कि मेरी बेटियां अपने सपनों को पूरा कर पाएगी। उन्होंने हर महिने महतारी वंदन की राशि प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया है।

सुकन्या समृद्धि योजना के तहत बालिका के नाम से 10 वर्ष की आयु तक खाता खोला जा सकता है। इस खाते में प्रत्येक वित्तीय वर्ष में न्यूनतम 250 रुपये और अधिकतम 1 लाख 50 हजार रुपये तक जमा किया जा सकता है। इस योजना से मिलने वाली ब्याज दर सामान्य बचत योजनाओं की तुलना में अधिक होती है। बेटियों की शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य को सुरक्षित करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा संचालित सुकन्या समृद्धि योजना आज अनेक परिवारों के लिए आशा की किरण बन रही है। यह योजना बेटियों की भविष्य के लिए बचत को बढ़ावा देती है और उन्हे आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed