नपा कर्मचारियों ने मुखिया को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम
कुलदीप पटेल पर कार्यवाही नहीं तो नपा की सेवाएं होंगी ठप्प
शहडोल। म.प्र. नगरपालिका नगर निगम अधिकारी कर्मचारी संघ द्वारा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया, ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि समयसीमा की बैठक 15 मई को आपके द्वारा धनंजय सिंह एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी शहडोल को दूरभाष पर दिये गये निर्देशानुसार नगर पालिका की संयुक्त टीम द्वारा वार्ड नंबर 22 में कुलदीप पटेल द्वारा किये जा रहे अवैध निर्माण पर कार्यवाही करने गई, जिसमें कार्यवाही के दौरान कुलदीप पटेल, नीलम पटेल, सुरक्षा गार्ड तिवारी एवं अन्य 2 व्यक्तियों द्वारा उक्त कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए धक्का-मुक्की, गाली-गलौच एवं झूठे केस में फंसाने की धमकी बार-बार दी गई।
अतिक्रमण संबंधी शिकायतें नगर पालिका एवं प्रशासन के समक्ष प्रायः प्राप्त होती रहती है तथा नगर पालिका कर्मचारी उक्त शिकायतों पर कार्यवाही करने जाते हैं। भविष्य में शिकायतें प्राप्त होने पर कर्मचारियों में भय व्याप्त होगा तथा शासकीय कार्य की गति भी धीमी होगी। कुलदीप प्रताप पटेल एवं उनकी पत्नी एवं अन्य व्यक्तियों के द्वारा कर्मचारियों को कभी भी झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई है। ऐसी स्थिति में उक्त व्यक्ति के द्वारा कभी भी कोई कृत्य किया जा सकता है। उक्त व्यक्ति बहुत ही खराब मानसिकता का व्यक्ति है तथा नगर पालिका कर्मचारियों के प्रति दुर्भावना रखता है, ऐसी स्थिति में नगर पालिका कर्मचारियों द्वारा आपके समक्ष ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मांग की जाती है कि यदि ऐसे व्यक्ति के विरूद्ध 24 घंटे के भीतर कोई कठोर कार्यवाही नहीं की जाती है तो, नगर पालिका की समस्त सेवाएं ठप्प करने के लिए बाध्य होंगे।