14 मार्च को नेशनल लोक अदालत नगर निगम के 5 केंद्रों पर मिलेगा करदाताओं को अधिभार में बड़ी छूट का लाभ

0

14 मार्च को नेशनल लोक अदालत नगर निगम के 5 केंद्रों पर मिलेगा करदाताओं को अधिभार में बड़ी छूट का लाभ
कटनी।। शासन के निर्देशानुसार नगर पालिक निगम द्वारा 14 मार्च 2026 शनिवार को नगर के विभिन्न 5 स्थलों पर नेशनल लोक अदालत शिविर आयोजित किया जाएगा। इस लोक अदालत में नागरिकों को संपत्ति कर, जलकर उपभोक्ता प्रभार एवं अन्य करों की बकाया राशि के अधिभार में विशेष छूट प्रदान की जाएगी।
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक एवं निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने शहर के अधिक से अधिक करदाताओं से अपील की है कि वे लोक अदालत शिविर में पहुंचकर शासन द्वारा दी जा रही इस विशेष छूट का लाभ उठाएं और अपने बकाया करों का निराकरण कराएं।
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लोक अदालत का आयोजन नगर निगम कटनी कार्यालय सहित कुल 5 स्थानों पर किया जाएगा। इनमें नगर निगम कार्यालय कटनी,बस स्टैंड पुलिस चौकी के पास,दुर्गा चौक खिरहनी,माधवनगर उप कार्यालय,सुभाष चौक कटनी
शामिल हैं।
राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक ने बताया कि लोक अदालत में करदाताओं को वर्ष 2024–25 की बकाया राशि के अधिभार में विशेष छूट प्रदान की जाएगी, जिससे नागरिकों को आर्थिक राहत मिलेगी और बकाया करों का शीघ्र निराकरण भी संभव होगा।
संपत्ति कर में छूट का प्रावधान
50 हजार रुपये तक बकाया होने पर अधिभार में 100% छूट
50 हजार से 1 लाख रुपये तक बकाया होने पर अधिभार में 50% छूट
1 लाख रुपये से अधिक बकाया होने पर अधिभार में 25% छूट
जलकर में छूट का प्रावधान
10 हजार रुपये तक बकाया होने पर अधिभार में 100% छूट
10 हजार से 50 हजार रुपये तक बकाया होने पर अधिभार में 75% छूट
50 हजार रुपये से अधिक बकाया होने पर अधिभार में 50% छूट
नगर निगम प्रशासन ने शहर के सभी करदाताओं से आग्रह किया है कि वे नेशनल लोक अदालत शिविर में उपस्थित होकर शासन द्वारा दी जा रही इस विशेष छूट योजना का लाभ उठाएं और अपने कर संबंधी प्रकरणों का त्वरित निराकरण कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *