​समावेशी शिक्षा के तहत शिक्षक एवं पालकों के लिए उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित

0

gpm/(घनश्याम ठाकुर)-गौरेला पेंड्रा मरवाही, 26 फरवरी 2026/ जिला शिक्षा अधिकारी सह जिला परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा में समावेशी शिक्षा अंतर्गत शिक्षक एवं दिव्यांग बच्चों के पालकों हेतु तीन दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सेजस हिन्दी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मल्टीपर्पज पेण्ड्रा के असेम्बली हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य और शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए उन्हें आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी श्री रजनीश तिवारी रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। अपने संबोधन में श्री तिवारी ने जोर देते हुए कहा कि समाज को दिव्यांग बच्चों के प्रति सहानुभूति के बजाय सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। जब हम उन्हें समान अवसर और सही मार्गदर्शन देंगे तभी वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकेंगे।
कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री एस एन सिंह भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विषय विशेषज्ञों ने समावेशी शिक्षा की विभिन्न गतिविधियों और उनकी कार्यप्रणाली पर प्रकाश डाला। श्री प्रवीण चौधरी जिला नोडल, श्रीमती मोना गौतम ने दिव्यांगता के प्रकारों, बच्चों के कानूनी अधिकारों और समावेशी शिक्षा की अवधारणा के बारे में विस्तार से बताया। श्री राजेंद्र साहू स्पेशल एजुकेटर ने शासन द्वारा प्रदान किए जाने वाले सहायक उपकरणों और उनसे होने वाले लाभों की जानकारी दी। श्रीमती वंदना तिवारी ने सांकेतिक भाषा के महत्व को समझाया। श्रीमती पूजा सिंह स्पेशल एजुकेटर ने दिव्यांग बच्चों के व्यवहार प्रबंधन और उनके मनोवैज्ञानिक विकास पर सुझाव साझा किए। कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्री प्रेम शंकर प्रसाद, श्रीमती दीपा श्याम, प्राची आर पीटर एवं रोहिणी का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed