नशामुक्त भारत का संदेश लेकर 6 हजार किमी पैदल चलकर अमलाई पहुंचे असम के पल्लव देव

0
303वें दिन नगर परिषद बरगवां-अमलाई पहुंचे युवा यात्री, पार्षद पवन चीनी व मित्र मंडली ने किया स्वागत
अनूपपुर। देश को नशामुक्त बनाने का संकल्प लेकर असम से पैदल भारत यात्रा पर निकले युवक पल्लव देव अनूपपुर जिले के नगर परिषद बरगवां-अमलाई पहुंचे। करीब 303 दिनों की यात्रा में 6 हजार 20 किलोमीटर से अधिक दूरी तय कर चुके पल्लव देव ने अमलाई पहुंचकर लोगों को नशामुक्त समाज का संदेश दिया और आगे की यात्रा के लिए रवाना हो गए।
असम के श्रीभूमि जिले के रानीबाड़ी गांव निवासी 25 वर्षीय स्नातक पल्लव देव ने 5 मई 2025 को नशामुक्त भारत का संकल्प लेकर अपनी पदयात्रा शुरू की थी। यात्रा के 303वें दिन अमलाई पहुंचने पर नगर परिषद बरगवां-अमलाई के पार्षद व समाजसेवी पवन चीनी और उनकी मित्र मंडली सहित स्थानीय नागरिकों ने उनका स्वागत किया और उनके अभियान की सराहना की।
पल्लव देव ने बताया कि बचपन से उनका सपना भारतीय सेना में जाकर देश सेवा करने का था, लेकिन परिस्थितियों के कारण वह सपना पूरा नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने समाज के भीतर रहकर नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया और देशभर में जागरूकता फैलाने के लिए पैदल यात्रा शुरू कर दी।
कंधे पर भारी बैग और हाथों में तिरंगा झंडा लिए पल्लव देव युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दे रहे हैं। उनकी यात्रा अब तक असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ होते हुए मध्यप्रदेश तक पहुंच चुकी है।
पल्लव देव का कहना है कि आज देश की युवा पीढ़ी तेजी से नशे की गिरफ्त में जा रही है। ऐसे में समाज को जागरूक करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज ही सशक्त भारत की नींव है। मेरा लक्ष्य देश को नशामुक्त बनाना है और इस पदयात्रा के जरिए मैं युवाओं को स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करना चाहता हूं।
पल्लव देव के जज्बे और समर्पण को देखकर स्थानीय युवाओं में भी उत्साह देखने को मिला। कई युवाओं ने उनके अभियान से प्रेरित होकर नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने की शपथ भी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed