समय-सीमा बैठक में योजनाओं की समीक्षा, जल गंगा संवर्धन अभियान की तैयारी के निर्देश
समय-सीमा बैठक में योजनाओं की समीक्षा, जल गंगा संवर्धन अभियान की तैयारी के निर्देश
कटनी।। नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने सोमवार को मेयर इन काउंसिल सभागार में आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, लंबित प्रकरणों और जनहित से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन, राजस्व एवं न्यायालयीन प्रकरणों सहित सभी लंबित मामलों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में आयुक्त ने 19 मार्च से शुरू होने वाले जल गंगा संवर्धन अभियान की तैयारियां तत्काल प्रारंभ करने को कहा। इसके तहत जल स्रोतों की सफाई, सार्वजनिक कुओं की मरम्मत तथा जल संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए पाइपलाइन लीकेज की शिकायतों का त्वरित निराकरण करने को कहा।
उन्होंने संकल्प से समाधान अभियान के तहत प्राप्त आवेदनों की पोर्टल में फीडिंग कर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। नगर की सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों को प्रतिदिन निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में आयुक्त ने जगन्नाथ चौक से घंटाघर मार्ग तक पोल शिफ्टिंग कार्य शीघ्र शुरू करने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रेमनगर बस्ती में चल रहे विद्युतीकरण कार्य को एक सप्ताह में पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा स्वनिधि योजना, जन्म-मृत्यु प्रकरण, अवैध कॉलोनियों, फायर सेफ्टी, ई-केवाईसी और अन्य योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।