श्रीराम वनगमन पथ अंतर्राष्ट्रीय काव्ययात्रा के स्वागत की हो रही तैयारियां
शहडोल। राष्ट्रीय कवि संगम इकाई शहडोल द्वारा श्रीराम वन गमन पथ अंतर्राष्ट्रीय काव्य यात्रा के स्वागत, अभिनंदन और कवि सम्मेलन ‘एक शाम राम के नाम’ की तैयारियाँ जोरों पर हैं। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु यात्रा प्रभारी प्रकाश जगवानी की अध्यक्षता में इकाई के जिलाध्यक्ष मृगेंद्र कुमार श्रीवास्तव ‘तन्हा’, कार्यक्रम प्रभारी अशोक त्रिपाठी ‘माधव’, महामंत्री डॉ. दिलीप तिवारी, प्रचार प्रमुख पद्म प्रकाश नापित ‘बेसुरा’ एवं सदस्य श्रीमती छाया गुप्ता, शिव नारायण त्रिपाठी एवं सुश्री शैलजा तिवारी की उपस्थिति में रूपरेखा निर्माण हेतु एक बैठक श्रीमती छाया गुप्ता के निवास स्वास्तिक गैलेक्सी बुढ़ार चौक में 6 मार्च रविवार को आहूत की गई । जिसमें श्री जगवानी ने श्रीराम के इस पवित्र कार्य हेतु अपने पूर्व अनुभव साझा करते हुए समस्त संस्थाओं, दलों, वर्गो एवं नागरिकों को एकजुट करने एवं इस अंतरराष्ट्रीय यात्रा को पूरी ऊर्जा के साथ क्रियान्वित करने की बात कही।
नगर के लिए गौरव एवं पुण्य की बात
इसके पूर्व भी एक बैठक संगम की संरक्षिका व समाज सेविका श्रीमती शालिनी सरावगी के निवास पर 24 फरवरी को आयोजित की जा चुकी है ,जिसमें कोष प्रभारी सागर चंचल की भी उपस्थिति थी। श्री सरावगी ने इस कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए कॉलेज तिराहे में स्वागत की तैयारी करने एवं अभिनंदन, जलपान आदि की व्यवस्था की बात कही थी। उन्होंने यह भी कहा था कि यह अंतरराष्ट्रीय यात्रा हमारे बुढार नगर के लिए गौरव एवं पुण्य की बात है और इसके लिए सभी लोगों को एकजुट होकर श्रीराम दरबार का अभिनंदन करना।
31 को शहडोल में पहुंचेगी यात्रा
श्री जगवानी ने श्रीलंका से अयोध्या जा रही रथयात्रा में शहडोल 31 मार्च को पहुंचने वाले सारथियों व यात्रियों हेतु आवास एवं भोजन की व्यवस्था शहडोल के शुभम् पैलेस में किए जाने की बात कही, सभी ने सहर्ष समर्थन भी किया। उन्होंने कहा कि कवि सम्मेलन ‘एक शाम राम के नाम’ का आयोजन नगर के हृदय स्थल मानस भवन में भव्यता के साथ किया जाएगा। जिसमें 2 राष्ट्रीय कवि को राष्ट्रीय समिति द्वारा तय किया जाएगा एवं 2 समीपस्थ जिले के एवं 4 स्थानीय कवियों को चयनित कर लिया गया है। श्रीराम भगवान् की पावन चरण पादुका रखे और रामभक्तों के साथ श्रीलंका से चली टोली वाला श्रीराम-लखन-जानकी के इस पवित्र रथ का स्वागत, आरती, अभिनंदन सर्वप्रथम बुढ़ार नगर में कॉलेज तिराहे पर, हवाई अड्डे पर तत्पश्चात् जमुई में करते हुए शहडोल में गाँधी चौक में किया जाएगा। इस भव्य कार्यक्रम हेतु प्रशासन के अनुमति की बात पर भी चर्चा हुई।
आर्थिक सहयोग की अपील
राष्ट्रीय कवि संगम द्वारा श्रीराम वनगमन पथ अंतर्राष्ट्रीय काव्य यात्रा का पोस्टर भी जारी कर दिया गया है, जिसे जिलाध्यक्ष मृगेंद्र श्रीवास्तव को प्रदेश यात्रा प्रमुख सुरेश सौरभ एवं प्रदेशाध्यक्ष मनहर द्वारा भेजा गया। इस पोस्टर के मूल स्वरूप को लेकर डॉ. दिलीप तिवारी ने सोशल मीडिया प्रमुख पदम् बेसुरा के साथ चर्चा की एवं नगर के पोस्टर निर्माण हेतु आग्रह किया। जिलाध्यक्ष मृगेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने राष्ट्रीय कवि संगम द्वारा भेजे गए 500 एवं 1000 के कूपनों का आबंटन करते हुए समस्त संस्थाओं से आर्थिक सहयोग करने की भी अपील की है, ताकि किसी भी प्रकार से कोई कमी आयोजन की भव्यता को प्रभावित न कर सके। यात्रा प्रभारी श्री जगवानी ने आगे एक पत्रकार वार्ता करने की भी बात कही, जिसमें विस्तारपूर्वक श्रीराम वनगमन पथ अंतर्राष्ट्रीय काव्य यात्रा के बारे बताया जाएगा। अन्त में कार्यक्रम प्रभारी अशोक माधव ने सबका आभार व्यक्त किया एवं छाया गुप्ता ने महिला शक्ति को एकजुट करने की इच्छा जाहिर की।