जोन कार्यालय खिरहनी में जनसुनवाई मंगलवार 3 फरवरी को, निगमायुक्त करेंगी सीधे सुनवाई
जोन कार्यालय खिरहनी में जनसुनवाई मंगलवार 3 फरवरी को, निगमायुक्त करेंगी सीधे सुनवाई
कटनी।। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, प्रभावी और समयबद्ध निराकरण के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा जनसुनवाई की व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार 3 फरवरी 2026 को जोन कार्यालय दुर्गा चौक, खिरहनी में प्रातः 11 बजे से जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस जनसुनवाई में नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार स्वयं उपस्थित रहकर आम नागरिकों की शिकायतों एवं आवेदनों पर सीधे सुनवाई करेंगी और संबंधित क्षेत्रीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करेंगी। विशेष रूप से जल संबंधी समस्याओं के निराकरण हेतु मंगलवार को आयोजित होने वाली जल-सुनवाई में भी नागरिक अपनी समस्याएं रख सकेंगे। उल्लेखनीय है कि नगर में जनोन्मुखी प्रशासन को सुदृढ़ करने के लिए महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी द्वारा नगर निगम कार्यालय में प्रत्येक मंगलवार को प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक जनसुनवाई का नवाचार प्रारंभ किया गया है। इसी पहल को विस्तार देते हुए निगमायुक्त सुश्री परिहार ने उपनगरीय क्षेत्रों के नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जोन कार्यालयों में भी जनसुनवाई आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। निगमायुक्त के निर्देशानुसार माह के प्रथम मंगलवार को यह जनसुनवाई आयोजित की जा रही है, जिसमें क्षेत्रीय अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि शिकायतों का मौके पर ही समाधान हो सके।
नागरिकों से अपील
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे मंगलवार 3 फरवरी को प्रातः 11 बजे नगर निगम कार्यालय में आयोजित महापौर जनसुनवाई, तथा प्रातः 11 बजे जोन कार्यालय दुर्गा चौक, खिरहनी में आयोजित जोनल जनसुनवाई में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं एवं शिकायतें दर्ज कराएं, ताकि उनका शीघ्र निराकरण किया जा सके।