जनहित सर्वोपरि….विकास में बाधा नहीं चलेगी नागरिकों को राहत देने जगन्नाथ चौक–घंटाघर मार्ग कार्य में तेजी के निर्देश,महापौर ने की कार्यों की गहन समीक्षा
जनहित सर्वोपरि….विकास में बाधा नहीं चलेगी
नागरिकों को राहत देने जगन्नाथ चौक–घंटाघर मार्ग कार्य में तेजी के निर्देश,महापौर ने की कार्यों की गहन समीक्षा
कटनी।। शहर के सुव्यवस्थित विकास एवं नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जगन्नाथ चौक से घंटाघर तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य को लेकर महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने नगर निगम अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में महापौर ने अब तक पूर्ण हो चुके कार्यों, स्थल पर प्रगतिरत कार्यों तथा शेष कराए जाने वाले कार्यों की विस्तृत जानकारी लेते हुए कार्यों की प्रगति का बारीकी से मूल्यांकन किया।
महापौर श्रीमती सूरी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क चौड़ीकरण के अंतर्गत नाली निर्माण, विद्युत पोल शिफ्टिंग सहित सभी आवश्यक कार्य चरणबद्ध, समन्वयपूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि यह कार्य जनहित से जुड़ा है, अतः इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान जगन्नाथ चौक से घंटाघर मार्ग पर पूर्व में चिन्हित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई एवं क्षतिपूर्ति वितरण की वर्तमान स्थिति पर भी विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों ने जानकारी दी कि अधिकांश अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूर्ण हो चुकी है तथा प्रभावित हितग्राहियों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति राशि का वितरण भी किया जा चुका है। शेष प्रकरणों में वैधानिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई जारी है। इस पर महापौर ने लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर भुगतान प्रक्रिया जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। महापौर श्रीमती सूरी ने न्यायालयीन प्रकरणों की भी समीक्षा करते हुए लंबित मामलों की संख्या एवं उनकी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि न्यायालयीन मामलों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए, जिससे विकास कार्यों की गति प्रभावित न हो।
अंत में महापौर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जगन्नाथ चौक से घंटाघर तक का संपूर्ण विकास कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं निर्धारित समय-सीमा में हर हाल में पूर्ण किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी प्रकार की बाधा को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रभारी सहायक यंत्री सुनील सिंह, उपयंत्री मोना करेरा, अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह, विधि प्रभारी वरुणेश मिश्रा, लेखापाल श्रीकांत तिवारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।