बिलासपुर में रेलवे कर्मचारियों का हुंकार: राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत ज्वलंत मुद्दों पर प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

0
शहडोल। भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय अधिवेशन में लिए गए निर्णय के तहत देशभर में घोषित राष्ट्रव्यापी आंदोलन के क्रम में गुरुवार को भारतीय रेलवे मजदूर संघ से संबद्ध दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मजदूर संघ ने बिलासपुर मंडल में विरोध प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में संघ के राष्ट्रीय महामंत्री संतोष पटेल की उपस्थिति में मंडल सचिव प्रोम्पी सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों ने अपनी लंबित और ज्वलंत समस्याओं को लेकर प्रधान कार्मिक अधिकारी, सचिव महाप्रबंधक और मंडल रेल प्रबंधक बिलासपुर के समक्ष विस्तृत ज्ञापन प्रस्तुत किया। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई, जिस पर प्रशासन ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष राकेश साहू ने की।
महिला कर्मचारियों को बड़ी राहत
संघ की मांग पर मंडल रेल प्रबंधक ने निर्देश जारी करते हुए कहा कि अब तक केवल बिलासपुर मुख्यालय में लगाए जा रहे सर्वाइकल कैंसर के टीके अब सभी उप-मंडलीय चिकित्सालयों में भी उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे महिला कर्मचारियों को स्थानीय स्तर पर टीकाकरण की सुविधा मिलेगी।
रनिंग स्टाफ के लिए न्यूनतम माइलेज 120 की मांग
रनिंग कर्मचारियों के लिए मंडल के विभिन्न खंडों में न्यूनतम माइलेज 120 निर्धारित करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। संघ ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान हो रहा है, जिसे दूर किया जाना आवश्यक है।
सी एंड डब्ल्यू विभाग: 12 घंटे ड्यूटी पर आपत्ति
कैरेज एंड वैगन डिपो में 12 घंटे की ड्यूटी और सप्ताह में केवल एक दिन विश्राम की व्यवस्था को लेकर कर्मचारियों ने नाराजगी जताई। संघ ने कार्य समय संतुलन, पर्याप्त स्टाफ की तैनाती और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की मांग की।
इसके अलावा बीओसीएम-3 एवं बीओसीएम-7 केबिन केबिन में पंखे व आवश्यक सुविधाएं, साइडिंग क्षेत्रों में धूल नियंत्रण हेतु नियमित पानी छिड़काव, एच जी आर लाइन नंबर 06 की तकनीकी समस्या का समाधान, पिट लाइनों में जलभराव की स्थायी निकासी, जंग लगे रेल व टाई बार हटाने, मच्छर नियंत्रण के लिए नियमित फॉगिंग तथा स्वच्छ पेयजल व वाटर फिल्टर की व्यवस्था की मांग रखी गई।
ट्रैक मेंटेनेंस: सुरक्षा उपकरण और भत्ते
इंजीनियरिंग विभाग के ट्रैक मेंटेनरों के लिए सुरक्षा कवच  तत्काल उपलब्ध कराने, कंटिंजेंसी अलाउंस व साइकिल अलाउंस सहित लंबित भत्तों का भुगतान और सुरक्षित कार्यस्थल सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।
सिग्नल विभाग में पदोन्नति व ओवरटाइम
सिग्नल विभाग में सहायक संकेत कर्मियों की पदोन्नति के लिए एल डी सी ई परीक्षा नियमित कराने, डी पी क्यू अंतर्गत लंबित प्रकरणों के निपटारे और ओवरटाइम का भुगतान नियमानुसार 1.5 या 2 गुना दर से करने की मांग की गई।
ऑपरेटिंग स्टाफ के प्रमुख मुद्दे
संघ ने बंद किए गए लाइन बॉक्स को पुनः प्रारंभ करने, लंबित ओवरटाइम भुगतान का त्वरित निपटारा करने, प्राइवेट मेडिकल सुविधा बहाल करने, ऑन-रिक्वेस्ट व स्पाउस ग्राउंड ट्रांसफर आवेदनों के शीघ्र अनुमोदन, विभागीय परीक्षा उत्तीर्ण कर्मचारियों को शीघ्र रिलीव करने तथा दिव्यांग कर्मचारियों के लिए न्यायसंगत पदस्थापन व पदोन्नति की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी। साथ ही जर्जर रेलवे क्वार्टरों की मरम्मत या नए निर्माण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
कार्यक्रम में जोनल और मंडलीय पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। संघ ने स्पष्ट किया कि ये सभी मुद्दे कर्मचारी हित, कार्य गुणवत्ता और सुरक्षा से जुड़े हैं।
प्रशासन ने सभी मामलों की प्राथमिकता के आधार पर समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। संघ ने कहा कि मांगों के समाधान तक आंदोलन और अनुवर्ती कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed