स्कूलों से सिलेंडर चुराने वाला गिरोह बेनकाब, ऑटो से करते थे वारदात, 8 सिलेंडर बरामद
स्कूलों से सिलेंडर चुराने वाला गिरोह बेनकाब, ऑटो से करते थे वारदात, 8 सिलेंडर बरामद
कटनी।। जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र में लगातार हो रही गैस सिलेंडर चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए 8 गैस सिलेंडर तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो जब्त किया है।
बड़वारा थाना क्षेत्र के विभिन्न शासकीय विद्यालयों से गैस सिलेंडर चोरी की तीन घटनाएं सामने आई थीं।
16 जनवरी 2026 को प्राथमिक शाला अमाड़ी से सिलेंडर चोरी
18 मार्च 2026 को माध्यमिक शाला पौड़ी से 2 सिलेंडर चोरी
21 मार्च 2026 को शासकीय माध्यमिक शाला भजिया से 5 सिलेंडर चोरी
इन मामलों में पुलिस ने अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। लगातार निगरानी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी मनोज कुमार उर्फ मन्नू यादव (35) निवासी रोशन नगर एवं दीपक कुशवाहा (24) को गिरफ्तार किया। एक अपचारी बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे रात के समय ऑटो क्रमांक MP21R1639 से घूम-घूमकर स्कूलों की रसोई से गैस सिलेंडर चोरी करते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 8 गैस सिलेंडर कीमत लगभग 25 हजार रुपये तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो जब्त किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया, वहीं अपचारी बालक को किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।