शहडोल में गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल, पुलिस की सूझबूझ से शांतिपूर्ण रहा आयोजन

0
शहडोल। जिले के सोहागपुर क्षेत्र में रामनवमी के पावन अवसर पर एक बार फिर गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। राम जानकी मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा में जहां एक ओर जय श्रीराम के जयकारे गूंज रहे थे, वहीं दूसरी ओर मुस्लिम समाज द्वारा किए गए स्वागत ने भाईचारे और सौहार्द का अद्भुत संदेश दिया।
शोभायात्रा जैसे ही गढ़ी बाजार स्थित जामा मस्जिद के पास पहुंची, वहां मुस्लिम समुदाय के लोगों ने गर्मजोशी से श्रद्धालुओं का स्वागत किया। अंजुमन इस्लामिया कमेटी के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का अभिनंदन किया। श्रद्धालुओं को शरबत, ठंडा पानी और मिठाइयां वितरित की गईं। इस दौरान हिंदू और मुस्लिम समाज के लोग गले मिलते नजर आए, जिसने पूरे आयोजन को और भी भावुक और प्रेरणादायक बना दिया।

हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी इस परंपरा को पूरे उत्साह के साथ निभाया गया। मुस्लिम समाज के प्रमुख लोगों में सफी उल्ला, हन्नान खान, सज्जाद खान, अब्बास खान, सूफियान खान, शहजादा, जुबैर, यासिफ, विक्की, पिंटू, नफीस, शादाब, जीशान सहित कई युवाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। वहीं हिंदू समाज के लोगों ने भी इस स्वागत का आभार जताते हुए आपसी प्रेम और एकता को मजबूत करने का संदेश दिया।
इस आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को दर्शाया, बल्कि सामाजिक समरसता की एक प्रेरणादायक मिसाल भी पेश की। स्थानीय लोगों ने कहा कि सोहागपुर में वर्षों से चली आ रही यह परंपरा आज भी उतनी ही मजबूती से कायम है, जो पूरे देश के लिए एक सकारात्मक संदेश देती है।
पुलिस की सक्रियता से बना आदर्श आयोजन
इस पूरे आयोजन को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित बनाने में सोहागपुर थाना प्रभारी अरुण पांडे और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रामनवमी से पहले ही थाना स्तर पर बैठक आयोजित कर दोनों समुदायों के लोगों और युवाओं से संवाद किया गया था। सभी से आपसी सौहार्द बनाए रखने और शांतिपूर्ण आयोजन की अपील की गई थी।
थाना प्रभारी अरुण पांडेय के नेतृत्व में पुलिस बल पूरे समय सतर्क रहा, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन की इस सूझबूझ और तत्परता की सराहना की। सभी के सहयोग और समझदारी से यह आयोजन शहडोल के इतिहास में एक मिसाल बन गया, जिसने एक बार फिर साबित कर दिया कि एकता और भाईचारा ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed