परासी टीकाकरण केन्द्र में उड़ रही सोशल डिस्टेसिंग की धज्जियां

0
अजय नामदेव – 6269263787
अनूपपुर। वैक्सीन जरूर लग जाए, चाहे कोरोना प्रोटोकॉल की धज्जियां क्यों न उड़ जाएं। कुछ ऐसी ही आपाधापी बुधवार को जिला अंतर्गत शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय परासी टीकाकरण केन्द्रो में देखने को मिली। कोरोना का टीका लगवाने के लिए बड़ी संख्या में 18 से 40 वर्ष वाले लोग टीकाकरण केन्द्र  पहुंच गए। टीका लगवाने की आपाधापी ऐसी कि इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ा दी गईं। जिम्मेदारों को भी इस दौरान कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कराने की सुध नहीं रही। उधर, जिले के अन्य केंद्र के बूथों पर भी कुछ इसी प्रकार का दृश्य देखने को मिला। कोरोना से जिले को मुक्त करने के लिए वैक्सीन टीकाकरण अभियान में तेजी आ गई है। एक जून से मेगा टीकाकरण अभियान चल रहा है। इस दौरान 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग वालों को भी टीका लगाए जाने का कार्य प्रारंभ हो गया है। नतीजा यह है कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में युवा वर्ग टीका लगवाने के लिए संबंधित बूथों पर पहुंच रहा है। सुचारु रूप से टीका लगाए जाने का दावा तो स्वास्थ्य विभाग कर रहा है, लेकिन टीका लगवाने में युवाओं व महिलाओं को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं, लापरवाही का आलम यह है कि टीका लगवाने के लिए लाइन में लगने वालों से कोरोना प्रोटोकॉल का पालन भी नहीं कराया जा रहा है। टीका लगवाने के लिए सुबह से बड़ी संख्या में लोग टीकाकरण केन्द्र आ गए। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्ज्यिां उड़ाई गईं। टीका लगवाने की आपाधापी ऐसी कि लोग एक-दूसरे से धक्कामुक्की करने से भी परहेज नहीं कर रहे थे। इन सबके बावजूद जिम्मेदारों द्वारा कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कराने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *