जनसुनवाई में एसपी ने अधिकारियों को लगाई सख्त ड्यूटी
जनसुनवाई में एसपी ने अधिकारियों को लगाई सख्त ड्यूटी
कटनी।। मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम के सभागार में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने स्वयं उपस्थित होकर नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनसुनवाई में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने पारिवारिक विवाद, आपसी झगड़े, पैसों के लेन-देन, पुलिस द्वारा सुनवाई न होने, प्लॉट एवं जमीन से जुड़ी धोखाधड़ी, महिला अपराध सहित विभिन्न पुलिस संबंधी समस्याएं रखीं। एसपी श्री विश्वकर्मा ने प्रत्येक आवेदक से व्यक्तिगत रूप से संवाद करते हुए मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही नागरिकों को भरोसा दिलाया गया कि पुलिस उनकी सुरक्षा और हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया सहित जिले के विभिन्न अनुभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आवेदकों की समस्याओं को विस्तार से सुनकर आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ की। जनसुनवाई के माध्यम से प्रशासन और आमजन के बीच संवाद स्थापित करने की यह पहल लोगों के लिए राहत का माध्यम बनती नजर आई।