नेशनल लोक अदालत के विशेष शिविर शुरू, करदाताओं का तिलक लगाकर किया स्वागत पांच स्थानों पर लगाए गए शिविरों में संपत्तिकर व जलकर के अधिभार में मिल रही छूट, नागरिकों से लाभ लेने की अपील
नेशनल लोक अदालत के विशेष शिविर शुरू, करदाताओं का तिलक लगाकर किया स्वागत
पांच स्थानों पर लगाए गए शिविरों में संपत्तिकर व जलकर के अधिभार में मिल रही छूट, नागरिकों से लाभ लेने की अपील
कटनी।। नागरिकों के लंबे इंतजार के बाद शनिवार को नगर निगम कटनी द्वारा नेशनल लोक अदालत के अंतर्गत विशेष शिविरों की शुरुआत कर दी गई। प्रातः 10 बजे से नगर के पांच प्रमुख स्थलों पर लगाए गए इन शिविरों में पहुंचने वाले करदाताओं का अधिकारियों द्वारा तिलक वंदन कर स्वागत किया गया। शिविरों में शासन के निर्देशानुसार संपत्तिकर एवं जलकर के अधिभार में छूट का लाभ प्रदान किया जा रहा है।
नगर निगम प्रशासन द्वारा नगर निगम कार्यालय, बस स्टैंड पुलिस चौकी के पास, दुर्गा चौक खिरहनी, माधवनगर उप कार्यालय तथा सुभाष चौक में शिविर आयोजित किए गए हैं। इन शिविरों में निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहकर नागरिकों के लंबित कर प्रकरणों का निराकरण कर रहे हैं तथा कर जमा करने की प्रक्रिया को सरल बनाया गया है।
लोक अदालत के माध्यम से नागरिकों को अपने बकाया करों का निराकरण कर अधिभार में विशेष छूट प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। शिविरों में करदाताओं को आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया जा रहा है ताकि वे आसानी से इस सुविधा का लाभ उठा सकें। इस दौरान नगर निगम की आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने प्रातः से ही शिविरों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों की बैठक, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए और अधिक से अधिक नागरिकों को छूट का लाभ दिलाया जाए। नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे लोक अदालत शिविरों में पहुंचकर शासन द्वारा दी जा रही छूट का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने लंबित करों का भुगतान कर नगर विकास में सहभागी बनें।