शंभूनाथ शुक्ल विवि में खेल प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ

0

शहडोल। पंडित एस. एन. शुक्ला विश्वविद्यालय की वार्षिक खेल प्रतियोगिता का 04 मार्च को शानदार आगाज़ हुआ, जिसमें विश्वविद्यालय के प्रतिभागी विद्यार्थी छात्र-छात्राओं ने अपने शानदार खेल कौशल का परिचय दिया। प्रतियोगिता का आयोजन विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा-खेल एवं योग विभाग द्वारा किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुकेश कुमार तिवारी ने किया, समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. आशीष तिवारी ने की।

सर्वप्रथम मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष द्वारा सरस्वती पूजन किया गया, इसके पश्चात संगीत विभाग के विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के कुलगीत का गायन किया। शारीरिक शिक्षा-खेल एवं योग विभाग के विद्यार्थियों ने सटीक मार्चपास्ट प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। उद्घाटन समारोह में योग के विद्यार्थियों द्वारा योग की क्रियाओं का सामूहिक प्रदर्शन किया गया इसमें योगासनों के माध्यम से पिरामिड का निर्माण भी किया गया जिसे दर्शकों की भरपूर सराहना मिली, इसके पश्चात शारीरिक शिक्षा-खेल के विद्यार्थियों द्वारा पी.टी., ड्रिल एवं मार्शल आर्ट का प्रदर्शन किया गया जिसे तालियों की गडग़ड़ाहट के साथ खूब प्रशंसा प्राप्त हुई।

शारीरिक शिक्षा-खेल एवं योग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. आदर्श तिवारी ने अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि प्रो. मुकेश कुमार तिवारी एवं प्रो. आशीष तिवारी ने प्रतियोगिता मशाल का प्रज्जवलन किया, जिसे खिलाडिय़ों द्वारा एथलेटिक ट्रैक पर मशाल रिले के रूप में दौड़ कर मंच के समक्ष स्थापित किया गया।
मुख्य अतिथि द्वारा प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा के साथ ही विश्वविद्यालय की दो दिवसीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता का आगाज़ हो गया।

आज प्रथम दिन एथलेटिक्स की 100 मीटर दौड़ की पुरुष एवं महिला वर्ग की हीट्स, 800 मीटर की दौड़ पुरुष एवं महिला वर्ग, गोला फेंक पुरुष एवं महिला वर्ग, 1500 मीटर दौड़ पुरुष एवं महिला वर्ग, लम्बी कूद प्रतियोगिता पुरुष एवं महिला वर्ग, 5000 मीटर दौड़ पुरूष एवं महिला वर्ग, हैमर थ्रो प्रतियोगिता पुरुष वर्ग की आयोजित की गईं, वहीं मैदानी खेलों में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों की कबडडी प्रतियोगिताओ का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के लगभग 600 विद्यार्थी सम्मिलित हो रहे हैं। प्रतियोगिता के दूसरे दिन वॉलीबॉल, एथलेटिक्स की अन्य विधाएं, कबडडी के सेमीफाइनल एवं फाइनल मैच एवं शतरंज की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। प्रतियोगिता के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए शारीरिक शिक्षा-खेल एवं योग विभाग के विद्यार्थियों की विभिन्न समितियों ने उत्कृष्ट सेवाएं दीं एवं निर्णयन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed