जुलूस-वि‍सर्जन मार्गों पर कड़ा पहरा, सुरक्षा में कोई चूक नहीं रामनवमी-नवरात्रि पर हाई अलर्ट पुलिस ने कसी सुरक्षा की कमान, हर गतिविधि पर पैनी नजर

0

जुलूस-वि‍सर्जन मार्गों पर कड़ा पहरा, सुरक्षा में कोई चूक नहीं रामनवमी-नवरात्रि पर हाई अलर्ट पुलिस ने कसी सुरक्षा की कमान, हर गतिविधि पर पैनी नजर
कटनी।। आगामी रामनवमी एवं चैत्र नवरात्रि समापन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं, जिससे पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना की संभावना को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती नेहा पच्चीसिया सहित पुलिस अधिकारियों ने जुलूस मार्गों, प्रमुख पूजा स्थलों एवं विसर्जन स्थलों का संयुक्त रूप से गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों द्वारा रामनवमी जुलूस के निर्धारित मार्गों का भौतिक सत्यापन करते हुए सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जुलूस मार्ग में आने वाले अवरोधों को हटाने, विद्युत तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर व्यवस्थित करने, पर्याप्त संख्या में वॉलिंटियर तैनात करने एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने एवं दुकानदारों को नियमों का पालन सुनिश्चित करने हेतु सख्त हिदायत दी गई। मां जालपा मड़िया जवारा विसर्जन के मद्देनजर विसर्जन स्थलों पर विशेष सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। यहां बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती, भीड़ नियंत्रण के उपाय एवं आपातकालीन सहायता सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
प्रशासन द्वारा संवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं तथा आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें, आपसी भाईचारे एवं सौहार्द का परिचय दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed