‘शैडो एरिया’ पर सख्ती एसपी का औचक दौरा, पुलिस की बढ़ी चौकसी
‘शैडो एरिया’ पर सख्ती एसपी का औचक दौरा, पुलिस की बढ़ी चौकसी
कटनी।। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कटनी पुलिस ने शैडो एरिया यानी अपराध-प्रवण और एकांत क्षेत्रों पर विशेष निगरानी शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में इन चिन्हित स्थानों पर लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस टीमों द्वारा इन क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों की गहन तलाशी और पूछताछ की जा रही है, वहीं होटल, लॉज और अन्य ठहरने के स्थानों की भी बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि किसी भी अवैध गतिविधि पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
इसी कड़ी में एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने स्वयं थाना कोतवाली क्षेत्र की आदर्श कॉलोनी और माधवनगर थाना क्षेत्र स्थित अमकुही पहाड़ी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए।
पुलिस द्वारा चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है, जिससे आमजन को सुरक्षित माहौल मिल सके। इस कार्रवाई से जहां अपराधियों में डर का माहौल बन रहा है, वहीं आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास भी बढ़ा है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या डायल 100 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।