जिला चिकित्सालय में सुमित अग्रवाल मित्र मंडल की मानवता की मिसाल 100 उच्च गुणवत्ता के कंबल वितरित, स्वच्छता व सुरक्षा को भी मिला मजबूत सहारा
जिला चिकित्सालय में सुमित अग्रवाल मित्र मंडल की मानवता की मिसाल
100 उच्च गुणवत्ता के कंबल वितरित, स्वच्छता व सुरक्षा को भी मिला मजबूत सहारा
कटनी।। कड़ाके की ठंड के बीच जिला चिकित्सालय में सुमित अग्रवाल मित्र मंडल द्वारा एक बार फिर सराहनीय सेवा कार्य करते हुए मानवता की मिसाल पेश की गई। प्रतिष्ठित उद्योगपति एवं समाजसेवी सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में मित्र मंडल द्वारा जिला चिकित्सालय के विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों अटेंडेंट को 100 उच्च गुणवत्ता वाले मानक कंबल वितरित किए गए। इसके साथ ही अस्पताल परिसर में मौजूद जरूरतमंद एवं गरीब लोगों को भी कंबल प्रदान कर ठंड से राहत पहुंचाई गई। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी जिला रोगी कल्याण समिति की बैठक के अवसर पर सुमित अग्रवाल मित्र मंडल द्वारा 100 कंबलों का वितरण किया जा चुका है। लगातार किए जा रहे इन सेवा कार्यों से जरूरतमंद मरीजों को नियमित रूप से सहायता मिल रही है, जिससे उनके इलाज के दौरान अतिरिक्त सहारा प्राप्त हो रहा है।
सिर्फ कंबल वितरण तक ही सीमित न रहते हुए सुमित अग्रवाल मित्र मंडल ने जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मित्र मंडल की ओर से अस्पताल में 5 सफाई कर्मी एवं 2 सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को काफी मजबूती मिली है। इस सेवा कार्य से अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ नजर आया। वहीं अस्पताल प्रशासन ने सुमित अग्रवाल मित्र मंडल की इस सामाजिक पहल की खुले दिल से सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बताया। जनसेवा के क्षेत्र में मित्र मंडल का यह निरंतर योगदान निसंदेह समाज में सकारात्मक संदेश दे रहा है।