दहेज हत्या का ईनामी फरार आरोपी जबलपुर से गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी सफलता

0

दहेज हत्या का ईनामी फरार आरोपी जबलपुर से गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी सफलता
कटनी।। दहेज हत्या के एक गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार दिनांक 19 सितंबर 2025 को जिला अस्पताल कटनी से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक नवविवाहिता महिला को मृत अवस्था में लाया गया है। सूचना पर मर्ग पंचनामा कार्रवाई कर जांच प्रारंभ की गई। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर थाना एन.के.जे. में भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2), 85 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 एवं 4 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले में मृतका का पति आशीष मालवीय घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी पर 2000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम एवं साइबर सेल लगातार प्रयासरत थे। इसी दौरान 29 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी जबलपुर क्षेत्र में देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और तत्काल जबलपुर रवाना हुई। टीम ने घेराबंदी कर खजरी खिरिया बायपास, जबलपुर से आरोपी आशीष मालवीय निवासी मुगांबाई कॉलोनी, थाना एन.के.जे. कटनी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल कटनी भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *