नाले पर चला प्रशासन का बुलडोजर, भू-माफिया का अवैध साम्राज्य ध्वस्त

0

नाले पर चला प्रशासन का बुलडोजर, भू-माफिया का अवैध साम्राज्य ध्वस्त
कटनी।। जिले में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम खिरहनी, पटवारी हल्का नंबर 28 स्थित रपटा नाला की शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को पूरी तरह हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।
कलेक्टर न्यायालय के आदेश के पालन में दो दिनों तक चली इस कार्रवाई में जेसीबी और पोकलेन मशीनों के माध्यम से अवैध निर्माणों को जमींदोज कर दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही।
जानकारी के अनुसार, खसरा नंबर 442 स्थित नाले पर प्रवीण कुमार बजाज द्वारा अवैध रूप से बाउंड्री वॉल बनाकर कब्जा किया गया था। प्रशासनिक अमले ने मौके पर पहुंचकर निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया और शासकीय भूमि को मुक्त कराया।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार अजीत तिवारी, नायब तहसीलदार संदीप सिंह, साक्षी शुक्ला एवं अवंतिका तिवारी, राजस्व निरीक्षक, पटवारी दल, नगर निगम के अतिक्रमण प्रभारी मानवेंद्र सिंह बघेल सहित अतिक्रमण दस्ता एवं थाना एनकेजे के थाना प्रभारी श्री राजपूत पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed