नगर की मर्यादा तार-तार, एक के बाद एक गैंगरेप की घटनाओं ने झकझोरा पूरा जिला 15 वर्षीय नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, स्कूल के तीन छात्रों पर आरोप दिया नवजात को जन्म समाज के सामने गंभीर सवाल-जब खामोशी चीख़ बन जाए

0

नगर की मर्यादा तार-तार, एक के बाद एक गैंगरेप की घटनाओं ने झकझोरा पूरा जिला
15 वर्षीय नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, स्कूल के तीन छात्रों पर आरोप दिया नवजात को जन्म समाज के सामने गंभीर सवाल-जब खामोशी चीख़ बन जाए
लगातार सामने आ रही गैंगरेप की घटनाएं यह संकेत दे रही हैं कि भय का तत्व अपराधियों में कमजोर पड़ रहा है। कानून मौजूद है, कठोर धाराएं भी हैं, लेकिन प्रश्न यह है कि क्या उनका प्रभाव जमीन पर दिख रहा है? नाबालिगों के विरुद्ध अपराधों में त्वरित न्याय, दोषियों को सख्त सजा और प्रभावी निगरानी व्यवस्था अब केवल मांग नहीं, बल्कि अनिवार्यता बन चुकी है। यह भी उतना ही आवश्यक है कि हम पीड़िता की चुप्पी पर आत्ममंथन करें। सामाजिक बदनामी, भय और अविश्वास के कारण यदि कोई बच्ची अपने दर्द को साझा नहीं कर पाती, तो यह समाज की सामूहिक विफलता है। परिवार, स्कूल और समुदाय—तीनों को ऐसा सुरक्षित वातावरण बनाना होगा, जहां पीड़ित बिना डर अपनी बात कह सके। कटनी की यह घटना हमें आईना दिखाती है कि हम किस दिशा में बढ़ रहे हैं। यदि आज भी हम इसे केवल एक “खबर” मानकर आगे बढ़ गए….
कटनी।। नगर अभी पहले गैंगरेप की घटना के सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म की दूसरी सनसनीखेज वारदात ने पूरे जिले को हिलाकर रख दिया है। यह मामला न केवल कानून-व्यवस्था बल्कि समाज की सोच और संवेदनशीलता पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
एनकेजे थाना क्षेत्र से सामने आए इस जघन्य मामले में 15 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ उसी के स्कूल में पढ़ने वाले तीन छात्रों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म किए जाने की जानकारी सामने आई है। आरोप है कि आरोपियों ने चेहरे पर मास्क पहनकर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया और पीड़िता को लंबे समय तक खामोश रहने पर मजबूर कर दिया।
घटना का खुलासा तब हुआ जब नाबालिग बालिका को पेट दर्द की शिकायत के बाद परिजन शहर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकीय जांच में बालिका के गर्भवती होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद उसे तत्काल शासकीय जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान नाबालिग ने नवजात को जन्म दिया।
घटना की सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया मौके पर पहुंचीं और मामले को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए एनकेजे पुलिस को गैंगरेप का मामला दर्ज कर त्वरित जांच के निर्देश दिए। पुलिस पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने पहले पढ़े जाने वाले स्कूल के छात्र होने की बात स्वीकार की है।

नगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। फिलहाल पीड़िता की हालत स्थिर बताई जा रही है। एक के बाद एक सामने आ रही गैंगरेप की घटनाएं यह सोचने पर मजबूर करती हैं कि हमारा समाज किस दिशा में जा रहा है। नाबालिगों के प्रति बढ़ते अपराध न केवल कानून व्यवस्था बल्कि सामाजिक मूल्यों की भी गहरी गिरावट को दर्शाते हैं। यह घटना पूरे नगर की मर्यादा को झकझोर देने वाली है। नगर में एक के बाद एक सामने आ रही गैंगरेप की घटनाएं समाज की दिशा और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed