कर्मचारी समस्या निवारण शिविर में निगमायुक्त ने स्वयं सुनीं कर्मचारियों की पीड़ा, 70 आवेदनों पर समय-सीमा में निराकरण के निर्देश

0

कर्मचारी समस्या निवारण शिविर में निगमायुक्त ने स्वयं सुनीं कर्मचारियों की पीड़ा, 70 आवेदनों पर समय-सीमा में निराकरण के निर्देश
कटनी।। नगर निगम के वर्तमान एवं सेवानिवृत्त अधिकारी–कर्मचारियों की सेवा संबंधी समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार की पहल पर शुक्रवार को नगर निगम के एमआईसी कक्ष में कर्मचारी समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में निगम कर्मियों ने सहभागिता करते हुए अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
शिविर के दौरान निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार स्वयं उपस्थित रहीं और कर्मचारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। प्राप्त आवेदनों पर त्वरित एवं नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने संबंधित विभाग प्रमुखों को स्पष्ट निर्देश दिए।
शिविर में विद्युत शाखा के राजकुमार राजभर एवं फायर ब्रिगेड विभाग के कर्मचारी दिलराज सिंह के आवेदनों पर सुनवाई के उपरांत निगमायुक्त द्वारा लेखापाल श्रीकांत तिवारी को समय-सीमा में कार्यवाही के निर्देश दिए गए। वहीं स्थाईकर्मी महेश कुमार चौबे द्वारा नियमितीकरण संबंधी आवेदन पर स्थापना प्रभारी को नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त एरियर भुगतान, पेंशन, ग्रेच्युटी, भविष्य निधि, पारिवारिक पेंशन, विधि विभाग सहित अन्य सेवा संबंधी विषयों पर प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रेषित करते हुए आगामी माह आयोजित होने वाले शिविर से पूर्व निराकरण करने के निर्देश दिए गए। शिविर में नगर निगम के विभिन्न विभागों से कुल लगभग 70 आवेदन प्राप्त हुए।
इस अवसर पर उपायुक्त शैलेष गुप्ता ने बताया कि निगमायुक्त के निर्देशानुसार कर्मचारियों की समस्याओं के पारदर्शी, सरल एवं संवेदनशील समाधान हेतु ऐसे शिविरों का आयोजन नियमित रूप से प्रतिमाह किया जाएगा, ताकि वर्तमान एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
शिविर में सहायक यंत्री, स्वास्थ्य अधिकारी, लेखापाल सहित लेखा शाखा, विधि विभाग, पेंशन शाखा, स्थापना शाखा एवं अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed